Jamshedpur News: कोल्हान विश्वविद्यालय : जीई -2 का रिजल्ट जारी करने में विलंब, छात्र परेशान
Jamshedpur News: कोल्हान विश्वविद्यालय के पांच स्नातक सत्रों का जीई-2 परीक्षा परिणाम दो महीने बाद भी जारी नहीं हुआ है। एआईडीएसओ की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर रिजल्ट तुरंत प्रकाशित करने की मांग की। संगठन ने कहा कि देरी से छात्र 25 अक्तूबर की शिक्षक भर्ती आवेदन अंतिम तिथि चूक सकते हैं और उनके रोजगार अवसर प्रभावित हो सकते हैं।

Jamshedpur News: कोल्हान विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2017-2020, 2018-2021, 2019-2022, 2020-2023 और 2021-2024 के छात्र-छात्राओं का जीई-2 परीक्षा का परिणाम लंबे समय से अटका पड़ा है। इससे छात्र-छात्राओं में चिंता घर कर गई है। परीक्षा हुए लगभग दो महीने हो चुके हैं, लेकिन इतने समय के बाद भी परिणाम नहीं आया है। इसको लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य को मांग पत्र सौंपा। कोल्हान विश्वविद्यालय को संबोधित मांगपत्र में परीक्षा नियंत्रक से रिजल्ट अविलंब जारी करने की मांग की गई है। संगठन की जिला उपाध्यक्ष झरना महतो ने कहा कि परीक्षा संपन्न हुए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन विवि प्रशासन की ओर से अबतक रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया गया है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सहित अन्य राज्यों में शिक्षक बहाली के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर निर्धारित है। रिजल्ट में लगातार देर के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राएं इस महत्वपूर्ण शिक्षक बहाली प्रक्रिया में आवेदन करने से वंचित हो सकते हैं, जिससे उनके रोजगार और करियर के सुनहरे अवसर बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। एआईडीएसओ ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समय रहते परिणाम घोषित नहीं किए गए तो छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। संगठन ने मांग की कि छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जीई-2 का रिजल्ट तुरंत प्रकाशित किया जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थी आगामी शिक्षक बहाली प्रक्रिया में शामिल होकर भविष्य सुरक्षित कर सकें। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष झरना महतो, जमशेदपुर नगर अध्यक्ष सबिता सोरेन, उपाध्यक्ष अमित कुमार, सचिव खुदीराम हांसदा और राहुल समेत कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला कार्यालय सचिव किशोर कुमार पॉल ने विश्वविद्यालय से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की।

