Jamshedpur News: करमा पूजा महोत्सव की तैयारियां पूरी, 22 को धूमधाम से मनाया जाएगा पर्व
Jamshedpur News: जमशेदपुर में आदिवासी उरांव समाज ने करमा पूजा महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। 22 सितंबर को झारखंड में पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा मनाई जाएगी। 16 सितंबर को युवक-युवतियां स्वर्णरेखा नदी से बालू लाकर जावा रोपण करेंगे, और 23 सितंबर को करम राजा का विसर्जन जुलूस निकलेगा।
Jamshedpur News: जमशेदपुर। आदिवासी उरांव समाज पूर्वी सिंहभूम की ओर से रविवार को पुराना सीतारामडेरा स्थित सरना भवन में संवाददाता सम्मेलन कर करमा पूजा महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी गई। समाज के प्रतिनिधि राकेश उरांव ने बताया कि भादो एकादशी के अवसर पर 22 सितंबर को पूर्वी सिंहभूम समेत पूरे झारखंड में करमा पूजा पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाई जाएगी। पुराना सीतारामडेरा, बिरसानगर, उलीडीह, शंकोसाई, बागबेड़ा, जादूगोड़ा और नूतनडीह में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को अविवाहित युवक-युवतियां स्वर्णरेखा नदी से बालू लाकर जावा रोपण करेंगे। 21 सितंबर की शाम विभिन्न करम अखाड़ों में कुंवारी युवतियों द्वारा जावा जागरण होगा।
22 सितंबर को दोपहर तीन बजे अविवाहित युवक करम राजा को आमंत्रित करेंगे। मांदर, ढोल और नगाड़ों की थाप के बीच करम डाल को पूजा स्थल लाकर बस्ती भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद पाहन विधिवत पूजा कर करम डाल को अखाड़े में स्थापित करेंगे। रात आठ बजे करम कथा होगी। पूजा के बाद व्रतधारी व्रत तोड़ेंगे और रातभर नृत्य-गान होगा।23 सितंबर को करम राजा का विसर्जन जुलूस निकलेगा। इसके बाद समाज के लोग परना मंडी में सामूहिक भोज करेंगे। महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।


