Jharkhand Governor Highlights Need for Improvement in Higher Education System उच्च शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड पीछे : राज्यपाल, Jamshedpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsJamshedpur NewsJharkhand Governor Highlights Need for Improvement in Higher Education System

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड पीछे : राज्यपाल

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में खराब है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत की है और जल्द ही विश्वविद्यालयों में...

Newswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुरWed, 5 Feb 2025 03:55 AM
share Share
Follow Us on
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड पीछे : राज्यपाल

झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड में उच्च शिक्षा का हाल पूरे देश के अन्य प्रदेशों के मुकाबले काफी पीछे है। इसे दुरुस्त करने के लिए व्यापक प्रयास करने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हाल ही में बातचीत की है। जल्द ही इसे दुरुस्त किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा व्यवस्था ठीक करने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत है। कुलाधिपति ने मंगलवार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद जमशेदपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। प्रदेश के चार विश्वविद्यालयों का काम लंबे समय से कुलपति के बिना चलने के सवाल पर राज्यपाल ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और वे इस पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके लिए देश के बड़े शिक्षाविदों से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें झारखंड बुलाया जाएगा। इन सभी विश्वविद्यालयों में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के चलते नियुक्ति करने में बाधा आ रही थी। अब चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बहुत जल्द कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

डिग्री कॉलेजों में इंटर की कक्षाएं संचालित करने के के मामले में गंगवार ने कहा कि पूरा मामला उनकी जानकारी में है और वे इसे दुरुस्त करने के लिए काम कर रहे हैं। जल्द ही इसका परिणाम दिखेगा और सारी शिकायतें दूर कर दी जाएंगी। गौरतलब हो कि नई शिक्षा नीति के तहत डिग्री कॉलेज में इंटर की पढ़ाई संचालित नहीं की जा सकती है, लेकिन जमशेदपुर के अधिकतर डिग्री कॉलेजों में अब भी इंटर की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि इन सभी समस्याओं के बावजूद जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल अच्छा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें