जदयू ने उपायुक्त को सौंपा जनसमस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को ज्ञापन
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को विभिन्न जनसमस्याओं और नागरिक सुविधाओं की खराब स्थिति के संबंध में ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने यातायात व्यवस्था, पेयजल संकट, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की। उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को विभिन्न जनसमस्याओं, नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति तथा लंबित विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग को लेकर मंगलवार को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि जमशेदपुर महानगर एवं जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम जनता को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जदयू ने इन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई और समयबद्ध कार्ययोजना की मांग की。
यातायात व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता
जदयू ने शहर में बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था एवं जाम की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्य चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दिशा की बैठक में सीसीटीवी युक्त स्थानों पर वाहन जांच एवं चालान की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन इसका अपेक्षित प्रभाव धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। पार्टी ने मांग की कि यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को नियंत्रित एवं सुचारु बनाए रखना होना चाहिए तथा नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से ऑनलाइन चालान की प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
चालान भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता
ज्ञापन में चालान भुगतान प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए कहा गया कि ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जुर्माना भुगतान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सुविधा मिले तथा ट्रैफिक पुलिस यातायात प्रबंधन पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सके।
पार्टी ने स्ट्रीट लाइट की समस्याएँ उठाईं
पार्टी ने मानगो नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना का टेंडर महीनों पहले हो चुका है, लेकिन कार्य अब तक धरातल पर नहीं उतर पाया है। इसके अलावा खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला नहीं जा रहा है। यही नहीं, क्षेत्र में नियमित कचरा उठाव नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जदयू ने नियमित सफाई एवं कचरा निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की。
पेयजल संकट का मुद्दा
ज्ञापन में जिले में गहराते पेयजल संकट का भी उल्लेख किया गया। पार्टी ने कहा कि कई क्षेत्रों में देर रात अथवा तड़के सुबह जलापूर्ति हो रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें रात में जागकर पानी भरना पड़ता है।
खेल के लिए स्टेडियम की मांग
जदयू ने मानगो क्षेत्र में इनडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित सुविधाएं एवं अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। पार्टी ने शीघ्र स्टेडियम निर्माण की मांग की।
कचरा प्रबंधन की समस्याएँ
इसके अतिरिक्त जेएनएसी क्षेत्र में सड़कों एवं नालियों पर फैले कचरे, सफाई व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं तथा सफाई कर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई।
जुस्को द्वारा पेयजल कनेक्शन में कठिनाई
ज्ञापन में जुस्को द्वारा उपभोक्ताओं को पेयजल कनेक्शन लेने में आ रही कठिनाइयों के समाधान में अपनाई जा रही टालमटोल की नीति पर भी चिंता जताई गई है तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जदयू ने उपायुक्त से आग्रह किया कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान हेतु विशेष अभियान चलाया जाए तथा संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाए।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


