वीमेंस यूनिवर्सिटी जल्द बनेगी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी जल्द ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तब्दील होने जा रही है। इससे छात्राओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिलेगी और उन्हें दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विश्वविद्यालय में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा।

जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी जल्द ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तब्दील हो जाएगी। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में चयनित विश्वविद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी का नाम शामिल है। यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद यहां की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, शैक्षणिक बुनियादी ढांचे में सुधार और बेहतर स्थानीय अवसर मिलेंगे। इससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए छात्राओं को दूसरे राज्यों में पलायन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश में उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी दूसरे राज्यों को जाते हैं। झारखंड में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से इस पलायन में कमी आएगी। खासकर छात्राओं के लिए दूसरे शहर में पढ़ाई और रहना न सिर्फ महंगा बल्कि चुनौतीपूर्ण भी होता है।
अनुसंधान को बढ़ावा देने को तैयार होगा इकोसिस्टम
विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीकी, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, इंटरनेट सुविधा, स्मार्ट क्लासरूम, नवाचार और रिसर्च सेंटर का विशेष अवसर मिलेगा। अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अलग इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा। छात्राओं को बेहतर इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर मिलेंगे, जिससे वे अधिक से अधिक रोजगारपरक बन सकेंगी।
विश्वविद्यालयों को गाइडलाइंस के मानकों पर मिलेगा दर्जा
प्रदेश में कई विश्वविद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की तैयारी चल रही है। चयन के लिए आधारभूत संरचना, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा, उन्नत अनुसंधान प्रयोगशालाएं और उच्च योग्य फैकल्टी अनिवार्य होंगे। साथ ही नैक से 'ए' ग्रेड प्राप्त होना जरूरी है। जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज को वर्ष 2013 में ए ग्रेड दिया गया था। बाद में 2019 में इसे अपग्रेड कर जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी बनाया गया, जो वर्तमान में भी इसी मान्यता के साथ संचालित है।
----
संस्थान को सेंटर फॉर एक्सीलेंस बनाने की प्रक्रिया चल रही है
प्रधान सचिव से इसे लेकर बात हो चुकी है। संस्थान को रिसर्च इनोवेशन और रिसर्च बेस्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा भी मिल चुका है। रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए कई सारे प्रयास किए जा रहे हैं।
- डॉ. इला कुमार, कुलपति, जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


