Jamshedpur News: गोलमुरी में बेतरतीब पार्किंग से बढ़ा हादसों का खतरा, 48 घंटे में सुधार की मांग
Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र में सड़क किनारे बड़े वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और बदहाल सड़क स्थिति को लेकर आजसू पार्टी ने प्रशासन से सुधार की मांग की है। पार्टी ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। यह आंदोलन आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए है।
Jamshedpur News: जमशेदपुर। गोलमुरी क्षेत्र में सड़क किनारे बड़े वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आजसू पार्टी ने जिला प्रशासन से यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
सड़क पर भारी वाहन
पार्टी के प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए 48 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। अप्पू तिवारी ने कहा कि सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। कई जगह सड़क पर गड्ढे भी बने हुए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
रात में स्थिति गंभीर
उन्होंने कहा कि रात के समय बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के खड़े भारी वाहन स्थिति को और गंभीर बना देते हैं। ऐसे वाहनों के कारण दूसरे वाहन चालकों को समय पर अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। अप्पू तिवारी ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा। उन्होंने प्रशासन से समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की, ताकि किसी निर्दोष नागरिक की जान जोखिम में न पड़े।


