हथियार के साथ चाचा- भतीजा गिरफ्तार, इलाके में दबदबा बनाने की थी साजिश
जमशेदपुर में कदमा थाना पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये चाचा-भतीजा हथियारों के साथ पकड़े गए हैं और इलाके में अपराध की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनके पास से एक...

जमशेदपुर।कदमा थाना पुलिस ने गुरुवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चाचा-भतीजा हैं, जो शहर में अपराध की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा कारतूस बरामद की है। इसकी जानकारी एसएसपी पियुष पांडेय ने एक संवाददाता सम्मेलन में दी।जानकारी के अनुसार, कदमा थाना प्रभारी प्रवेश सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 स्थित खरकई नदी के किनारे दो संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से देसी कट्टा और दूसरे के पास से कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविनाथ मछुआ (40 वर्ष) और आशीष मछुआ (19 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-5, जयप्रकाश नगर के निवासी हैं।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों अपराधी इलाके में दबदबा बनाने के लिए लोगों को डराने-धमकाने का काम करते थे और कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मुख्य आरोपी रविनाथ मछुआ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह अवैध शराब कारोबार में संलिप्त रहने के कारण जेल जा चुका है।कदमा थाना प्रभारी प्रवेश सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किन घटनाओं में किया जाना था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




