जमशेदपुर प्रखंड में जनसमस्याओं के समाधान को प्रमुख ने डीसी को सौंपा छह सूत्री मांगपत्र
जमशेदपुर के प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन के नेतृत्व में पंचायत समिति सदस्यों ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को जलापूर्ति समस्याओं के समाधान और कंबल वितरण की मांग को लेकर छह सूत्री मांग पत्र सौंपा। उपायुक्त ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
जमशेदपुर। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के त्वरित समाधान की मांग को लेकर जमशेदपुर प्रखंड की प्रमुख पानी सोरेन के नेतृत्व में पंचायत समिति सदस्यों ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को छह सूत्री मांग पत्र मंगलवार को सौंपा। मांग पत्र में मुख्य रूप से छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना में लगातार उत्पन्न हो रही समस्याओं को दूर कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कार्य में तेजी लाकर शीघ्र क्रियान्वित करने तथा बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना का निर्माण कार्य पूर्ण कराकर कॉलोनीवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांगे शामिल हैं।इसके अतिरिक्त, 10 दिसंबर को पंचायत समिति सदस्य प्रशासनिक समिति की बैठक का पत्र जारी होने के बावजूद वित्त एवं अंकेक्षण योजना समिति की बैठक नियमित रूप से नहीं होने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ती ठंड को देखते हुए कंबल वितरण और मुख्य चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया।सभी बिंदुओं से अवगत होने के बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने बीडीओ को नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये।मौके पर प्रमुख पानी सोरेन, उप प्रमुख शिवकुमार हांसदा, पंचायत समिति सदस्य सत्यवीर सिंह बग्गा, किशोर सिंह, मनोज यादव, सुनील गुप्ता, रवि कुरली, साकरो सोरेन, जसमीन गुड़िया और सोनिया भूमिज उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




