Hindi NewsJharkhand NewsJamshedpur NewsJamshedpur MLA Saryu Rai Exposes Serious Cleanliness Issues in Mango Municipal Corporation
जाकिरनगर पहुंचे विधायक सरयू राय, गंदगी देख भड़के

जाकिरनगर पहुंचे विधायक सरयू राय, गंदगी देख भड़के

संक्षेप:

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने आजादनगर में सफाई व्यवस्था की खामियों का निरीक्षण किया। उन्होंने गंदगी, टूटी नालियों और जलभराव की समस्याओं को उजागर किया। विधायक ने ठेकेदारों के भुगतान रोकने और सफाई एजेंसी को हटाने की मांग की। इस दौरे में भाजपा के अन्य नेता भी शामिल थे।

Dec 16, 2025 01:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share Share
Follow Us on

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को आजादनगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर मानगो नगर निगम की साफ-सफाई व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया। बता दें कि आपके लोकप्रिय अखबार हिन्दुस्तान के बोले जमशेदपुर के 14 दिसंबर के अंक में ‘जाकिरनगर में ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त, रोड पर गंदा पानी, दो जिलों के लोग परेशान’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और अधिकारियों व ठेकेदारों पर नाराजगी जताई। निरीक्षण की शुरुआत नगर निगम कार्यालय से महज दस कदम दूर गांधी मैदान, मानगो से हुई। यहां गंदगी का अंबार मिला। रोड नंबर छह स्थित फुटबॉल मैदान में भी कचरा जमा था, जिसे स्थानीय लोग वहीं जला रहे थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

रोड नंबर नौ में नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता पाया गया। बागानशाशी मुर्दा मैदान की स्थिति अत्यंत दयनीय मिली, जो पूरी तरह डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है। विधायक ने गरीब कॉलोनी इमामबाड़ा, ओल्ड पुरुलिया रोड, नईम स्टोर के सामने, हड्डी गोदाम क्षेत्र और गणगौर के सामने की सड़क का भी निरीक्षण किया। कई स्थानों पर कचरे के ढेर, टूटी नालियां, खुले में बहता गंदा पानी और जर्जर सड़कें देखने को मिलीं। ओल्ड पुरुलिया रोड पांच नंबर में करीब चार सौ फीट सड़क के पुनर्निर्माण की आवश्यकता बताई गई। विधायक सरयू राय ने कहा कि वह मानगो नगर निगम आयुक्त से बात कर सफाई ठेकेदारों का भुगतान रोकने को कहेंगे। डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित एजेंसी को हटाने तथा बिल में कटौती के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नालियों से निकला कचरा वहीं छोड़ देना और सड़क पर कचरा जलाना पर्यावरण के लिए घातक है। विधायक ने सफाई ठेकेदारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। आजादनगर विधायक प्रतिनिधि निसार अहमद के नेतृत्व में किए गए इस दौरे में भाजपा आज़ादनगर मंडल अध्यक्ष फ़ातिमा शाहीन प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। वहीं, पप्पू सिंह, संतोष भगत, परवीन सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।