सड़क सुरक्षा माह के तहत किया गया जागरूकता रैली का आयोजन, लोगों को नियम पालन के प्रति किया जागरूक
जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी तक मनाया जा रहा है। डीटीओ धनंजय के नेतृत्व में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
जमशेदपुर। जमशेदपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस क्रम में आज जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) धनंजय के नेतृत्व में एक जागरूकता रैली का आयोजन डीसी ऑफिस से किया गया। उन्होंने ही हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और फिर रैली में शामिल हो गये। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, परिवहन विभाग के कर्मियों, पुलिस जवानों और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।रैली उपायुक्त कार्यालय से निकलकर बिष्टुपुर, साकची, सहित शहर के प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों से होकर गुजरी।
इस दौरान प्रतिभागियों ने हेलमेट जरूर पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं, नशे में ड्राइविंग से बचें जैसे नारों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।डीटीओ ने इस मौके पर कहा कि सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि यदि लोग नियमों का पालन करें, तो अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद पुनः उपायुक्त कार्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




