Jamshedpur News: दुर्गापूजा में सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों से रहें सतर्क
Jamshedpur News: जमशेदपुर में दुर्गापूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी समुदायों से भाईचारा बनाए रखने और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की गई है। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का आश्वासन दिया।

Jamshedpur News: जमशेदपुर, मुख्य संवाददाता। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। खासकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों, संपादित वीडियो और एआई से बनाए गए फर्जी वीडियो को बिना सत्यापन के साझा नहीं करने को कहा गया है।
सुरक्षा एवं व्यवस्था की तैयारी
समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में पेश-ए-इमाम, मस्जिदों के अध्यक्ष और सचिवों के साथ सोमवार को बैठक हुई जिसमें पूजा और विसर्जन के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा हुई। विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती और सीसीटीवी से निगरानी रखने की भी जानकारी दी गई।
श्रद्धालुओं के लिए अपील
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने युवाओं से पूजा में संयम बरतने और सोशल मीडिया की किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करने की अपील की। संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को जानकारी देने को कहा।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों को सूचित करें।

