हीरो इंडियन सुपरलीग (आईएसएल) के सातवें संस्करण में रविवार को जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) ने पहला अंक हासिल किया। तिलक मैदान स्टेडियम गोवा में ओडिशा एफसी ने जेएफसी को 2-2 गोल की बराबरी पर रोककर दो महत्वपूर्ण अंक छीन लिया। पहले मैच में हार के बाद पहली जीत के लिए जेएफसी और ओडिशा के खिलाड़ी बुलंद हौसले के साथ मैदान में उतरे। जमशेदपुर ने मध्यांतर तक 2-0 गोल की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर जीत की ओर बढ़ने का संकेत दे दिया था। लेकिन दूसरे हाफ में 10 खिलाड़ियों से खेलने को मजबूर जेएफसी के विरुद्ध ताबड़तोड़ हमले बनाकर ओडिशा ने मैच में वापसी कर एक अंक जुटा लिया। ओडिशा के डिएगो मौरिसिओ ने अंतिम पंद्रह मिनट में दो गोल दागकर जमशेदपुर के मुंह से जीत का निवाला छीन लिया।मैच शुरू होते ही जेएफसी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सुनियोजित हमले किए। लगातार हमले के क्रम में 12वें मिनट में जेएफसी को पेनाल्टी का लाभ मिला। नेरिज्स वाल्सकिस ने पेनाल्टी को गोल में परिवर्तित कर जमशेदपुर को 1-0 गोल से आगे कर दिया। वाल्सकिस का सीजन में यह दूसरा गोल था। 15 मिनट के बाद वाल्सकिस ने अपना दूसरा और सीजन का तीसरा गोल कर जेएफसी को 2-0 गोल से आगे कर दिया। नाटकीय रहा दूसरा हाफ : दूसरे हाफ का खेल काफी नाटकीय रहा। जमशेदपुर के गोलकीपर टीपी रेनेश को 74वें मिनट में डी बॉक्स के बाहर हैंडबॉल करने पर रेफरी प्रदीप मंडल ने लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया। रेनेश की जगह पवन कुमार को गोलकीपर के रूप में उतारने के लिए जैकीचंद सिंह की कुर्बानी देनी पड़ी। 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए जमशेदपुर की रक्षापंक्ति दबाव में आ गई।
अगली स्टोरी