Hindi NewsJharkhand NewsJamshedpur NewsIllegal Stone Mining Attack in Patmada Local Residents Assault Officials
पटमदा : अवैध पत्थर खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान टीम पर हमला, सीओ से धक्का-मुक्की

पटमदा : अवैध पत्थर खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान टीम पर हमला, सीओ से धक्का-मुक्की

संक्षेप:

पटमदा की ठनठनी घाटी में अवैध पत्थर खनन के खिलाफ कार्रवाई करते समय स्थानीय लोगों ने अधिकारियों पर हमला किया। चौकीदारों को मारपीट कर ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास किया गया। अंचलाधिकारी ने 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई। भाजपा नेता बासुदेव मंडल ने आरोपों को झूठा बताया।

Jan 08, 2026 02:57 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share Share
Follow Us on

पटमदा की ठनठनी घाटी से अवैध पत्थर खनन एवं परिवहन के आरोप में पत्थर लदा ट्रैक्टर जब्त कर थाना ला रही टीम पर बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। टीम में शामिल चौकीदार सनातन सिंह व सुरेश हांसदा के साथ मारपीट करते हुए हमलावर ट्रैक्टर को छुड़ा ले गए। इस दौरान चालक के अलावा 2 मजदूर भी फरार हो गए। ट्रैक्टर के पीछे-पीछे चल रहे नेतृत्वकर्ता पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के साथ दुर्व्यवहार एवं धक्का-मुक्की की गई। करीब आधे घंटे बाद पहुंची पटमदा पुलिस को देखकर सभी लोग भाग निकले। दोबारा खनन स्थल के पास पुलिस के साथ अंचलाधिकारी ने सघन छापेमारी की तो ट्रैक्टर या अन्य लोगों के बारे में पता नहीं चला।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अंचलाधिकारी ने ट्रैक्टर चालक का मोबाइल जब्त कर लिया है। यह घटना टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के पास हुई। अंचलाधिकारी ने हमलावरों की पहचान बामनी निवासी एवं भाजपा के पटमदा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल, उनके भाई दिवाकर मंडल एवं बामनी गांव निवासी आसमान सिंह के रूप में की है। जबकि इस घटना में 3 अन्य लोगों के भी शामिल होने की बात बताई गई है। अंचलाधिकारी ने बुधवार को पटमदा थाने में 6 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, उनके साथ दुर्व्यवहार करने एवं अवैध तरीके से पत्थर खनन करने व परिवहन करने तथा छापेमारी में शामिल चौकीदारों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पटमदा थाने में 3 नामजद एवं 3 अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी करमपाल भगत ने बताया कि मामले की शिकायत अंचलाधिकारी से मिली है और प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इधर, इस संबंध में भाजपा नेता बासुदेव मंडल ने बताया कि अंचलाधिकारी ने उनके खिलाफ झूठे आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है, उनका राजनीतिक करियर प्रभावित करने के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर वे नहीं थे, वे अपने घर पर थे। सीओ ने पटमदा थाना प्रभारी को दिया आवेदन, केस दर्ज अंचलाधिकारी ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना पर सुबह छापेमारी में उन्होंने अवैध पत्थर से लदे ट्रैक्टर को बामनी चौक के आगे ठनठनी घाटी की ओर से आते पकड़ा। उनके साथ दो चौकीदार सनातन सिंह एवं सुरेश हांसदा मौजूद थे। ट्रैक्टर को रुकवा कर चालक से पूछताछ की गई और उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया। इस बीच ट्रैक्टर पर सवार दो मजदूर मौका पाकर भाग गए। अंचलाधिकारी ने दोनों चौकीदारों को ट्रैक्टर में बैठकर थाना ले जाने का आदेश दिया तथा पीछे-पीछे चलने लगे। बामनी चौक के पास ट्रैक्टर चालक ने दूसरी दिशा में ट्रैक्टर को मोड़ दिया। इस बीच 5- 6 लोग इकट्ठा हो गए और गाड़ी छोड़ने की जिद करने लगे। अंचलाधिकारी ने गाड़ी को थाना में ले जाकर रखने को कहा। इसके बाद बामनी चौक से 500 मीटर की दूरी पर पीछे से तीन मोटरसाइकिल पर 6 लोग लाठी-डंडा लिए पहुंचे व ट्रैक्टर को रुकवा दिया। चौकीदारों पर लाठी से वार करने लगे। इस बीच अंचलाधिकारी घटनास्थल पहुंचे तो चौकीदारों को धमकाया जा रहा था। अंचलाधिकारी के प्रतिरोध पर धक्का-मुक्की कर रोड किनारे ले जाया गया और रोक कर रखा गया। इस बीच चौकीदार भी किनारे हो गए। मौका पाते ही ट्रैक्टर चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी को दी। आधे घंटे बाद फोर्स आने के बाद क्षेत्र में सघन छापामारी की गई, पर किसी का पता नहीं चला। अंचलाधिकारी ने 6 में से तीन की पहचान कर ली है। इनमें बामनी निवासी आसमान सिंह, बासुदेव मंडल एवं दिवाकर मंडल हैं। अंचल अधिकारी द्वारा लिखित आवेदन थाना प्रभारी को दिया गया। साथ ही ट्रैक्टर चालक का जब्त मोबाइल भी सौंपा गया। उक्त लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।