सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में अब हिंदी में भी मिलेगी पढ़ाई की सामग्री
पूर्वी सिंहभूम जिले के तीन सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हिंदी माध्यम की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह निर्णय अभिभावकों और विद्यार्थियों के फीडबैक के आधार पर लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को अंग्रेजी समझने में मदद मिल सके। आगामी वर्ष में उत्कृष्ट विद्यालयों की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य है।

पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित तीन सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में अब हिंदी माध्यम की सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन स्कूलों में बीपीएम प्लस टू हाई स्कूल, साकची गर्ल्स हाई स्कूल और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शामिल हैं, जहां सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई होती है। अंग्रेजी समझने में परेशानी होने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई को सुगम बनाने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे पाठ्यक्रम को बेहतर तरीके से समझ सकें। अभिभावकों और विद्यार्थियों के फीडबैक के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। स्कूलों में दी जाने वाली किताबें अंग्रेजी भाषा में ही रहेंगी, लेकिन पढ़ाई का माध्यम हिंदी और अंग्रेजी दोनों होंगे।
अंग्रेजी बोलने पर विशेष जोर
इसके लिए लैंग्वेज लैब और स्पोकन इंग्लिश कोर्स के अलावा शिक्षकों व प्रिंसिपलों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार भाषा चुनने की छूट दी गई है। वे अंग्रेजी या हिंदी किसी भी भाषा में उत्तर लिख सकते हैं। विभाग ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि जिन बच्चों को अंग्रेजी समझने में दिक्कत हो, उनके लिए अलग से हिंदी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
जिले में तीन सीएम स्कूल हैं संचालित
वर्तमान में जिले के तीन स्कूलों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है। जल्द ही तीन और स्कूलों को इस श्रेणी में अपग्रेड किया जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य अगले एक वर्ष में पूरे प्रदेश में उत्कृष्ट विद्यालयों की संख्या दोगुनी करने का है।
विद्यार्थियों को अपनी भाषा के अनुसार लिखने की छूट
विद्यार्थियों को अपनी भाषा के अनुसार लिखने की छूट दी गई है। जिन विद्यार्थियों को अंग्रेजी समझने में दिक्कत होती है, उनके लिए हिंदी शैक्षणिक मटेरियल उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, अंग्रेजी पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आगे उन्हें कोई समस्या न हो।
मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


