Jamshedpur News: बिष्टूपुर खाऊ गली में तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
Jamshedpur News: बिष्टूपुर के खाऊ गली में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में लोगों की जान बच गई, लेकिन काफी अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया और जांच शुरू की। हादसे का मुख्य कारण तेज गति बताया जा रहा है।

Jamshedpur News: बिष्टूपुर स्थित खाऊ गली में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में लोग बाल-बाल बच गए। घटना से वहां अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना को लेकर हंगामा होने लगा। सूचना मिलने पर बिष्टूपुर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराकर यातायात सामान्य कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय खाऊ गली से एक कार मुड़कर वीमेंस कॉलेज की ओर जा रही थी। इस दौरान सामने से तेज गति से आ रही दूसरी कार ने सीधे उस वाहन में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और रास्ते में खड़ी अथवा गुजर रही दो अन्य कारों को भी चपेट में ले लिया। इससे कुल तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। दुर्घटना के कारण खाऊ गली और वीमेंस कॉलेज मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और आवागमन सामान्य कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी जुटाई है। चालक से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।


