होली को लेकर बिहार की ट्रेनों में उमड़ने लगी है भारी भीड़
होली के लिए बिहार जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। टाटानगर स्टेशन से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच जोड़ने की योजना बना रहा है और 2 मार्च को कटिहार और बक्सर के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है।

होली को लेकर बिहार जाने वाली ट्रेनों में अभी से भारी भीड़ उमड़ने लगी है। टाटानगर स्टेशन से होकर गुजरने वाली बिहार रूट की प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। खासकर टाटानगर से खुलने और गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। छपरा एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस और नीलांचल एक्सप्रेस में स्लीपर और जनरल कोच में मारामारी की स्थिति बनी हुई है। रिजर्वेशन काउंटर पर लंबी कतार लग रही है, जबकि ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी वेटिंग है। कई ट्रेनों में एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों में 100 से अधिक वेटिंग पहुंच चुकी है।
भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बक्सर रूट पर चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण रेलवे अतिरिक्त स्लीपर और जनरल कोच लगाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति के अनुसार और कोच बढ़ाए जा सकते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए टाटानगर से 2 मार्च को कटिहार और बक्सर के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। इससे त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली, मुंबई और बिहार रूट की अन्य ट्रेनों में भी भारी दबाव देखा जा रहा है। एसी थ्री, एसी टू और स्लीपर श्रेणी में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। जनरल कोच में भीड़ के कारण यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


