कोल्हान के मरीजों के स्वास्थ्य की हर रिपोर्ट पर नजर रख रहा स्वास्थ्य विभाग
कोल्हान के मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग नजर रख रहा है। एमजीएम अस्पताल में नई मशीनों के कारण यह संभव हुआ है। मरीजों को रिपोर्ट मोबाइल पर मिल रही है और स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय तक भी पहुँच रही है। यह व्यवस्था राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी लागू की जाएगी।

कोल्हान के मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी हर रिपोर्ट पर अब स्वास्थ्य विभाग नजर रख रहा है। एमजीएम अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में जांच के लिए नई मशीनें लगाए जाने के बाद यह संभव हो सका है। जानकारी के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के सेंट्रल पैथोलॉजी में कुछ महीने पहले कई नई मशीनें लगाई गई थीं, जिससे बड़ी संख्या में जांच शुरू हो गई है। इससे मरीजों को उनकी जांच रिपोर्ट मोबाइल पर तो मिल ही रही है, साथ ही ये रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय तक भी पहुंच रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एमजीएम अस्पताल में होने वाली सभी जांच रिपोर्टों की निगरानी कर रहे हैं।
जांच रिपोर्टों की निगरानी
इससे उन्हें यह जानकारी मिल सकेगी कि सबसे अधिक किस प्रकार की जांच हो रही है और उनमें कितने मरीज पॉजिटिव या नेगेटिव पाए जा रहे हैं। मशीनों में सी-डैक सॉफ्टवेयर लगाए जाने के बाद जांच पूरी होते ही मशीन स्वत: रिपोर्ट तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कर देती है। इसके जरिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रांची में बैठकर भी रिपोर्ट देख पा रहे हैं।
ऑनलाइन रिपोर्ट भेजने वाला सूबे का पहला मेडिकल कॉलेज
एमजीएम अस्पताल सूबे का पहला मेडिकल कॉलेज बन गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट ऑनलाइन मुख्यालय तक पहुंच रही है। राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में फिलहाल एमजीएम ही ऐसा मेडिकल कॉलेज है, जहां की सभी रिपोर्ट मुख्यालय स्तर पर देखी जा रही हैं। हालांकि, दुमका स्थित मेडिकल कॉलेज भी इस दिशा में अपनी तैयारी लगभग पूरी कर चुका है। अन्य मेडिकल कॉलेजों को भी जल्द से जल्द यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल में रोजाना करीब एक हजार ओपीडी मरीज आते हैं, जिनमें से लगभग 200 मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांच की जाती है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


