राष्ट्रीय मागे पोरोब और जोहार नाइट में कलाकारों ने मचाया धमाल
गोपाल मैदान में रविवार को जोहार ट्रस्ट द्वारा राष्ट्रीय मागे पोरोब और जोहार नाइट का भव्य आयोजन किया गया। इसमें झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में आदिवासी कला संस्कृति भवन को प्रथम स्थान मिला। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए।

गोपाल मैदान में रविवार को जोहार ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय मागे पोरोब और जोहार नाइट का भव्य आयोजन किया गया। इसमें झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से आए कलाकारों ने पारंपरिक और आधुनिक प्रस्तुति से माहौल को उत्सव मय बना दिया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और देर रात तक सांस्कृतिक रंग में डूबे रहे। जनजातीय कलाकारों और पंद्रह डांसर ने प्रस्तुति से धमाल मचाया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक मागे नृत्य प्रतियोगिता से हुई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए दलों ने भाग लेकर समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आदिवासी कला संस्कृति भवन, सोनुवा को प्रथम, पुदगाल चाईबासा को द्वितीय और हो ट्रेडिशनल डांस ग्रुप हरिगुटू को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
अन्य प्रतिभागियों ने भी आकर्षक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद जोहार नाइट कार्यक्रम में हो, मुंडारी, नागपुरी और संथाली फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। पारंपरिक और आधुनिक संगीत के संगम ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रैंड फिनाले रहा, जिसमें देशभर से चयनित टॉप 15 डांसरों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डांस प्लस सीजन 6 की विजेता स्नेहा चक्रवर्ती ने किया।कार्यक्रम में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, सांसद विद्युतवरण महतो और सरयू राय समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी संस्कृति और परंपरा समाज की पहचान है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जोहार ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी मेहनत से यह आयोजन यादगार बन गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


