
शहर में चलेगा आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान, बनेगी संयुक्त टीम
हिन्दुस्तान के ‘जानलेवा जानवर’ अभियान का असर दिखने लगा है। प्रशासन ने आवारा सांड़, कुत्तों और मवेशियों से हो रही दुर्घटनाओं के मद्देनजर संयुक्त टीम का गठन किया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जल्द ही अभियान शुरू करने की घोषणा की है, जिससे शहरवासियों को राहत मिलेगी।
आपके प्रिय हिन्दुस्तान की ओर से लगातार चलाए जा रहे ‘जानलेवा जानवर’ अभियान का असर आखिरकार दिखने लगा है। शहर की सड़कों पर घूमते आवारा सांड़, कुत्तों और मवेशियों से हो रही दुर्घटनाओं और लगातार बढ़ती भयावह स्थिति को लेकर अखबार की ओर से उठाई जा रही आवाज अब प्रशासन तक पहुंची है। प्रशासन ने इसके लिए संयुक्त टीम का गठन कर अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। टीम में जेएनएसी, पशुपालन विभाग, जुस्को और वन विभाग के कर्मी शामिल होंगे। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने हर क्षेत्र के निरीक्षण के बाद कड़ी कार्रवाई को कहा है। प्रशासन की ओर से गठित टीम शहर के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण करेगी और किसी भी खतरनाक, आक्रामक या दुर्घटना का कारण बनने वाले पशु को तुरंत सड़क से हटाने की कार्रवाई करेगी।
डिमना रोड, साकची, बिष्टूपुर, मानगो सहित कई क्षेत्रों में हाल में दर्ज घटनाओं ने शहरवासियों को भयभीत कर दिया था। हिन्दुस्तान ने इन समस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठाया। कहीं जानवरों की लड़ाई में लोग घायल हुए, कहीं सांड़ के हमले से मौत हुई और कई जगह आवारा कुत्तों के आतंक से लोग घरों से निकलने में डरने लगे। इन घटनाओं पर प्रशासन की चुप्पी और औपचारिक कार्रवाई के अभाव को उजागर करते हुए हिन्दुस्तान ने अभियान के तहत न सिर्फ समस्याओं को सामने रखा, बल्कि जनता की पीड़ा और सवालों को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य भी किया। इसी का परिणाम है कि अब उपायुक्त ने स्पष्ट घोषणा की है कि आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान जल्द शुरू किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। यह कदम शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद है। शहर से जल्द आवारा पशुओं को हटाने का काम शुरू हुआ। इस मामले में किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




