कार से बकरियों की चोरी कर भाग रहे आरोपी हाइवा से टकराए, गाड़ी छोड़ भागे
गोविंदपुर के साउथ गेट में बकरी चोरों का एक गिरोह सक्रिय है। चोरों ने एक कार में दीपू रानी की पांच बकरियों को जबरन लादकर चोरी कर लिया। भागने के दौरान उनकी कार एक हाइवा से टकरा गई, जिससे वे कार छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

शहर में बकरी चोरों का गिरोह सक्रिय है। गोविंदपुर के साउथ गेट में चोरों ने कार से बकरियों की चोरी कर ली। हालांकि भागने के दौरान उनकी कार एक हाइवा से टकरा गई, जिसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। इस संबंध में गोविंदपुर थाना में दीपू रानी नामक महिला के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दीपू रानी की पांच बकरियां साउथ गेट के पास चर रही थीं। इस दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार पर रांची का नंबर प्लेट लगा था। कार सवार लोगों ने आसपास का जायजा लेने के बाद बकरियों को जबरन पकड़कर कार की डिक्की में लाद लिया और फरार हो गए।
बताया जाता है कि चोरी के बाद आरोपी तेज गति से भाग रहे थे। इस दौरान उनकी कार सड़क पर जा रहे हाइवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की डिक्की खुल गई, जिसमें पांच बकरियां थीं। घटना के बाद आरोपी घबराकर कार को छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार से बरामद बकरियों को सुरक्षित उनके मालिक को सौंप दिया गया। कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस चोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


