संशोधित::घाटशिला विधान सभा उप चुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन की प्रक्रिया शुरू

संशोधित::घाटशिला विधान सभा उप चुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन की प्रक्रिया शुरू

संक्षेप:

जमशेदपुर में घाटशिला विधानसभा उप चुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। 21 अक्टूबर अंतिम नामांकन दिन है, जबकि 11 नवंबर को मतदान होगा। मतदान के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आचार...

Oct 13, 2025 01:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

जमशेदपुर।घाटशिला विधान सभा उप चुनाव की नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिलास्तर पर विधिवत चुनाव प्रक्रिया की अधिसूचना जारी कर दी और गजट प्रकाशित कर दिया। इसके तहत उन्होंने निर्वाचन आयोग के द्वारा पूर्व में घोषित कार्यक्रमों को एक बार फिर से दोहराया। बताया कि प्रत्येक कार्यदिवस को 11 से 3 बजे के बीच घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। वे चुनाव की अधिसूचना जारी करने के बाद समाहरणालय ऑफिस सभागार में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।इस कार्यक्रम के तहत 21 अक्तूबर नामांकन का आखिरी दिन होगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

22 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 को मतगणना होगी। 16 नवंबर तक चुनाव की सारी प्रक्रिया पूरी कर लेनी है। उपायुक्त ने बताया कि मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा। बूथों पर मतदाताओं के लिए सारी जरूरी न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध रहेंगीं। जैसे पीने का पानी, शौचालय जैसी सुविधाएं रहेंगीं। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बुजुर्गों को जल्द मतदान की सुविधा मिलेगी। हालांकि लाइन अगर लंबी हो तो उनके लिए बैठने की व्यवस्था रहेगी। उनकी मदद के लिए वोलिंटियर भी रहेंगे। दिव्यांगों को घर से बूथ तक वाहन से लाने या घर पर ही मतदान की सुविधा रहेगी। बूथ पर उनके लिए रैम्प और व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। बुर्कानशीं मतदाताओं के लिए महिला मतदान कर्मी जिन बूथों पर बुर्कानशीं वोटर अधिक होंगीं, वहां पर चार में से एक मतदान कर्मी अनिवार्य रूप से महिला रहेंगी। हालांकि कुछ बूथों पर सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही रहेंगीं। इनकी संख्या अभी तय नहीं की गई है। आचार संहिता उल्लंघन की कोई शिकायत नहीं डीईओ ने बताया कि अभी तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि नेताओं या सरकारी योजनाओं के प्रचार वाले पोस्टर और बैनर लगे थे, सभी को उतार दिया गया है। चुनाव प्रचार के पोस्टर निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद लगाये जा सकते हैं। कलस्टर बनेंगे पर थोड़े से डीईओ ने बताया कि इस बार कलस्टर बनेंगे, परंतु थोड़े से। कोशिश है कि मतदान कर्मी अपने-अपने बूथ पर ही रात्रि विश्राम करें। वैसे भी अब पहले की तरह सुरक्षा की कोई समस्या नहीं है। उनका इशारा नक्सली गतिविधियों की ओर था। 24 बूथों पर 60% से कम मतदान, वहां जागरूकता कार्यक्रम होंगे कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि घाटशिला में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान होता रहा है। हालांकि पिछली बार 24 बूथों पर 60 प्रतिशत से कम मतदान हुए थे। इसलिए इस बार उन बूथों के मतदाताओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मतदान हो। उन्होंने बताया कि इस विधान सभा क्षेत्र में कुछ दुर्गम बूथ हैं, जहां के मतदाताओं के लिए वाहन की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षकों के तबादले व स्टेशन शिलान्यास का मुद्दा उठा एक सवाल के जवाब में डीईओ ने बताया कि आचार संहिता के सारे मानक सिर्फ घाटशिला विधान सभा क्षेत्र के लिए हैं। हालांकि ऐसे मामले जो चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं, उसका दायरा जिलास्तर पर होगा। वे टाटानगर रेलवे स्टेशन के शिलान्यास को लेकर पूछे गये सवाल का जवाब दे रहे थे। इसी क्रम में कोल्हान विवि के 21 शिक्षकों के तबादले के बारे में भी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे इसे देखेंगे, क्योंकि एक शिक्षक का तबादला घाटशिला से जमशेदपुर हुआ है। सिर्फ थाने में जमा होंगे हथियार एक सवाल के जवाब में डीईओ ने बताया कि लाइसेंसी हथियार इस बार सिर्फ संबंधित थाने में ही जमा करने का आदेश दिया गया है। इसकी वजह यह है कि जिले में जो दो आर्म्स डीलर हैं, उनके लाइसेंस फिलहाल वैध नहीं हैं। हालांकि इसके संबंध में निर्वाचन आयोग से मार्गदर्शन मांगा गया है। उन्होंने बताया कि यह आदेश पूरे जिले के लिए है। बंगाल के अस्पताल से ली जाएगी मदद कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि घाटशिला के कुछ बूथों से हमारे अस्पताल दूर हैं, जबकि पश्चिम बंगाल के नजदीक। ऐसे में किसी बूथ पर या चुनाव कर्मी को मेडिकल इमरजेंसी हुई, तो पश्चिम बंगाल के अस्पताल मरीज को भेजा जाएगा। इसके संबंध में वहां के अधिकारियों से बात हो गई है।