बिष्टूपुर में ओवरटेकिंग के विवाद में गैस सप्लायर पर जानलेवा हमला, दोनों हाथ टूटा
बिष्टूपुर थाना क्षेत्र में ओवरटेकिंग को लेकर विवाद के बाद एक गैस सप्लायर अरुण नामता पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने उसे बेसबॉल बैट से मारा, जिससे उसके हाथ टूट गए। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी राज सहित अन्य के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

बिष्टूपुर थाना क्षेत्र में ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद के बाद गैस सप्लायर पर जानलेवा हमला किया गया। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दोनों हाथ टूट गए। मामले में पीड़ित की मां की शिकायत पर शुक्रवार को बिष्टूपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 निवासी ऊमा नामता के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में राज और उसके एक साथी को नामजद आरोपी बनाया गया है। ऊमा नामता का पुत्र अरुण नामता गैस सप्लाई का काम करता है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह अपने खलासी ऋतिक के साथ टेंपो से गैस सिलेंडर की आपूर्ति करने बिष्टूपुर से आदित्यपुर जा रहा था।
इसी दौरान संत मेरी स्कूल के पास पीछे से आ रही एक कार के चालक ने लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर टेंपो के आगे गाड़ी खड़ी कर रास्ता रोक दिया। कार में सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। उन्होंने अरुण और ऋतिक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे को राज कहकर संबोधित किया और कार से बेसबॉल बैट निकालने को कहा। राज ने बैट से अरुण के सिर पर हमला करने का प्रयास किया। अरुण ने हाथों से वार रोकने की कोशिश की, जिससे बैट उसके दोनों हाथों पर लगा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने अरुण को जमीन पर पटक दिया और उसका गला दबाने लगे। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घटना में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके दोनों हाथ टूट गए। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


