Jamshedpur News: गोलपहाड़ी में कचरे का अंबार, स्कूली बच्चे भी परेशान
Jamshedpur News: परसूडीह के गोलपहाड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे कचरा डंप किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और स्कूल के बच्चों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संत जेवियर और सेंट एंथोनी स्कूल के छात्र कचरे की दुर्गंध से परेशान हैं। नागरिकों ने प्रशासन से कचरा साफ करने और नियमित उठाव की मांग की है।

Jamshedpur News: परसूडीह का गोलपहाड़ी क्षेत्र कचरा डंपिंग यार्ड में तब्दील होता नजर आ रहा है। सड़क किनारे काफी समय से कचरा फेंका जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के अलावा स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है। जहां कचरा फेंका जा रहा है, वहां दो विद्यालय संत जेवियर स्कूल और सेंट एंथोनी स्कूल संचालित हैं। ऐसे में स्कूल के बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। कचरे से उठने वाली दुर्गंध से बच्चे परेशान हैं। वहीं, गंदगी से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि गोलपहाड़ी में सड़क किनारे काफी समय से कचरा डंप किया जा रहा है।
इसकी सफाई नहीं कराई जा रही है। कई बार शिकायत के बाद भी कचरा नहीं उठाया गया। कचरे के ढेर के कारण राहगीर परेशान हैं। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। लोगों का आरोप है कि विद्यालयों के आसपास इस तरह कचरा जमा होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से गोलपहाड़ी में जमा कचरे की सफाई कराने और नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था करने की मांग की।

