Jamshedpur News: जमशेदपुर : प्रेम-प्रसंग में अपराधी राहुल बच्चा को गोलियों से भून डाला, हमलावरों ने मारी चार गोलियां फिर पत्थर से कूचकर की मौत की तस्दीक

हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
Follow us on Google News
share

Jamshedpur News: मानगो मुंशी मोहल्ला के नजीरिया स्कूल के पास बुधवार को राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उसे चार गोलियां मारी और पत्थरों से कूच किया। यह हत्या एक युवती को लेकर चल रहे विवाद के कारण हुई। राहुल का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jamshedpur News: जमशेदपुर : प्रेम-प्रसंग में अपराधी राहुल बच्चा को गोलियों से भून डाला, हमलावरों ने मारी चार गोलियां फिर पत्थर से कूचकर की मौत की तस्दीक

Jamshedpur News: मानगो मुंशी मोहल्ला स्थित नजीरिया स्कूल के समीप बुधवार शाम अपराधियों ने कई मामलों के आरोपी राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उसे चार गोलियां मारने के बाद पत्थरों से कूच दिया। वे तब तक हमला करते करते रहे, जबतक उन्हें उसकी मौत का यकीन नहीं हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में राहुल की मौत की पुष्टि होते ही उसके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह एक युवती को लेकर चल रहा विवाद है। पुलिस के अनुसार, पोस्टऑफिस रोड की रहने वाली एक युवती ने हाल के दिनों में राहुल से संबंध बनाए थे। इससे पहले वह युवती सब्बे गिरोह के एक सदस्य की प्रेमिका थी। इसी बात को लेकर राहुल और सब्बे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सूत्रों के अनुसार, तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। उस दौरान सब्बे ने राहुल को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना मानगो थाना पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया।

डिमना चौक से पीछा कर मारा

बुधवार की शाम डिमना चौक के पास स्थित सुमन होटल के समीप दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद राहुल वहां से निकलकर पोस्टऑफिस रोड स्थित नजीरिया स्कूल के पास पहुंच गया, जहां वह अपने एक साथी से बातचीत कर रहा था। इस दौरान सब्बे अपने साथ आफताब, झंटू और अन्य युवकों को लेकर वहां पहुंचा। आते ही हमलावरों ने राहुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उसे चार गोलियां मारी गईं। गोली लगने से गिरने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और पत्थरों से उसका सिर व शरीर कुचल दिया। जब उन्हें लगा कि राहुल की मौत हो चुकी है, तब सभी आरोपी फरार हो गए।

टीएमएच से युवती को भगाया

घटना की सूचना मिलते ही राहुल के समर्थक मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल टीएमएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में उसके समर्थक जुट गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान वह युवती भी अस्पताल पहुंची, जिसको लेकर विवाद हुआ था। लेकिन मौजूद लोगों ने उसे वहां से भगा दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल क्यूआरटी को बुलाया। सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर, बिष्टूपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार समेत कई थानों की पुलिस अस्पताल पहुंची और लोगों को शांत कराया।

घटनास्थल से खोखा बरामद

इधर, घटनास्थल पर सिटी एसपी ललित मीणा और एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

राहुल का रहा है आपराधिक इतिहास

राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। वह पहले अमरनाथ गिरोह से जुड़ा था। बाद में प्रदीप कुमार सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य बन गया। प्रदीप की हत्या के बाद वह उसके भाई प्रवीर सिंह के साथ रहने लगा। 14 अप्रैल 2024 को डिमना रोड स्थित वसुंधरा एस्टेट के पास बारीडीह मोहरदा निवासी सन्नी कुमार यादव की हत्या के मामले में भी राहुल आरोपी था। उस वारदात में राहुल बाइक चला रहा था, जबकि प्रवीर सिंह और अर्जुन ने सन्नी पर गोली चलाई थी। इसके अलावा 2 फरवरी 2024 को मानगो पोस्टऑफिस रोड पर ब्राउन शुगर कारोबारी राजा सिंह की हत्या के मामले में भी राहुल नामजद आरोपी था। उसके खिलाफ फायरिंग, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

हाल में ही छूटे हैं आरोपी

हत्या में मुख्य आरोपी सब्बे को पुलिस ने 8 सितम्बर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इससे पहले 22 अप्रैल 2025 में उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए कारपेंटर ननकू लाल हत्याकांड में भी उसका नाम आया था। सब्बे का असली नाम है जसबीर सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे हैं। इससे पहले भी वह कई मामलों में जेल जा चुका है। राहुल बच्चा भी पहले सब्बे के साथ ही रहता था। दोनों अमरनाथ गिरोह के लिए ही काम करते थे। बाद में लड़की को लेकर इनके बीच अनबन हो गयी थी।

कोट

आपसी विवाद के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

- ललित मीणा, सिटी एसपी, जमशेदपुर

सामान्य प्रश्न

राहुल बच्चा की हत्या कहाँ हुई थी?
राहुल बच्चा की हत्या मानगो मुंशी मोहल्ला स्थित नजीरिया स्कूल के पास हुई थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।