बिष्टूपुर में पुलिसकर्मी बनकर बुजुर्ग महिला से ठगी, दो लाख के गहने उड़ाए
बिष्टूपुर में ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग महिला प्रकाश कौर से दो लाख रुपये के गहने ठग लिए। महिला जब गुरुद्वारे से लौट रही थीं, तब दो युवकों ने उन्हें रोका और कहा कि गहने पहनना सुरक्षित नहीं है। धोखे से उन्होंने महिला के गहने चुरा लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के एन रोड में शनिवार दोपहर ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया। करीब दो लाख रुपये के गहनों की ठगी कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता प्रकाश कौर एम रोड स्थित अपने क्वार्टर में रहती हैं। उनके बेटे जगदीप सिंह ने बताया कि उनकी मां बिष्टूपुर गुरुद्वारा गई थीं और वहां से पैदल एन रोड से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने उन्हें रोककर कहा कि पीछे एक व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। जब वह उसके पास पहुंचीं तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि बिष्टूपुर में हत्या की घटना हुई है।
ऐसे में गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। इस बीच दूसरा व्यक्ति वहां पहुंचा और विश्वास दिलाने के लिए अपने गले से सोने की चेन उतारकर पहले व्यक्ति को दे दी। दोनों की बातों में आकर प्रकाश कौर ने भी अपने कंगन और अंगूठी उतारकर बैग में रखने की कोशिश की। तभी ठग ने अपने पास से एक कागज निकाला और गहनों को उसमें लपेटने की बात कही। इसी दौरान उसने चालाकी से कागज बदल दिया और असली गहने लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब प्रकाश कौर ने कागज खोला तो उसमें नकली गहने मिले। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने परिजनों व पुलिस को सूचना दी।जगदीप सिंह के अनुसार, ठगे गए गहनों की कीमत करीब दो लाख रुपये है। मामले को लेकर डीएसपी सीसीआर मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


