टाटानगर स्टेशन के चार स्टॉल और दो रेस्टोरेंट पर लगा जुर्माना, खानपान व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण हुई सख्ती
टाटानगर स्टेशन स्थित चार स्टाल व दो रेस्टोरेंट से जुर्माना वसूलने का आदेश दक्षिण-पूर्व जोन के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने दिया है। इसमें एक्सप्रेस फूड व शिव एंड संस के दो-दो स्टॉल...
टाटानगर स्टेशन स्थित चार स्टाल व दो रेस्टोरेंट से जुर्माना वसूलने का आदेश दक्षिण-पूर्व जोन के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने दिया है। इसमें एक्सप्रेस फूड व शिव एंड संस के दो-दो स्टॉल समेत फूड प्लाजा व फूड ट्रैक रेस्टोरेंट शामिल हैं।
हालांकि, गार्डेनरीच से पत्र अभी टाटानगर नहीं आया है। लेकिन, रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक, स्टेशन उपाधीक्षक और खानपान निरीक्षक सक्रिय हो गए हैं। पहली बार किसी निरीक्षण में एकसाथ चार संस्थानों से खामी मिली है।
निरीक्षण का असर : उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एमके सिंह ने 19 मई शनिवार को टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण किया था। जिसमें स्टॉलों में बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की पोल खुली थी। उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने खुद यात्रियों को परोसा गया खाना-नाश्ता समेत अन्य खाद्य सामग्रियों को चखा और वाटर वेडिंग मशीन से पानी भी पी थी।
हर जगह गड़बड़ी : जांच के दौरान पनीर, चाउमिन, सॉस व केक ब्रांडेड नहीं थे। खाद्य सामग्रियों पर एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थे। यात्रियों को एक दिन पुरानी चटनी, पनीर व सांभर परोसा गया था। वहीं, एक स्टॉल की कॉफी मशीन गंदी थी।