
जुगसलाई नया बाजार के गोदाम में भीषण आग, घर में फंसे छह लोगों की जान बचाई
जुगसलाई के नए बाजार स्थित गोदाम में रात 10.30 बजे आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे अफरातफरी मच गई। रवि अग्रहरि के परिवार के छह सदस्य आग में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से...
जुगसलाई नया बाजार स्थित गोदाम में बुधवार रात 10.30 बजे आग लग गई। यह गोदाम स्थानीय व्यापारी बालमुकुंद गोयल का बताया जा रहा है। गोदाम में प्लास्टिक की पानी टंकियां, पाइप समेत अन्य सामान थे, जो धू-धू कर जल गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को चपेट में लेने लगा। इससे अफरातफरी मच गई। घटना के समय पास के मकान में रवि अग्रहरि का परिवार रह रहा था। आग की लपटें उनके घर तक पहुंच गईं। इसके बाद चीख-पुकार मच गई। घर के छह सदस्य आग में घिर गए। लोगों की सूझबूझ और साहस से परिवार के छह सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें दो बच्चे और एक वृद्ध महिला थीं।

हालांकि रवि अग्रहरि का पूरा मकान और बाइक आग में जलकर राख हो गई। आग बुझाने के लिए तीन दमकल वाहनों को लगाया गया। मौके पर दमकल गाड़ियां देर से पहुंचीं, क्योंकि रास्ते में डंपर फंस गया था। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कुछ समय तक वहां फंसी रहीं। इस कारण आग पर काबू पाने में दिक्कतें आईं। आग लगने के कारणों का पता नहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले धुआं उठता दिखा, उसके बाद आग की लपटें तेज हो गईं। पूरे इलाके में भगदड़ और शोर मच गया। आसपास के लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य में मदद की। देर रात तक दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है, क्योंकि दर्जनों टंकिया, पाइप और अन्य सामान जल गए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आग बुझाने और लोगों को निकालने में मोहल्ले के दर्जनों युवकों का योगदान रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


