
कदमा में तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में मारी टक्कर, युवक की मौत, दोस्त गंभीर
कदमा थाना क्षेत्र के टोल ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में अनवारूल हक (25) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी फरीद गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश जारी है।
कदमा थाना क्षेत्र के टोल ब्रिज के पास शनिवार देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार अनवारूल हक (25) की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी फरीद गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मृतक की पहचान कपाली के अलीनगर निवासी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात अनवारूल हक अपने दोस्त फरीद के साथ स्कूटी से घूमने निकला था। दोनों टोल ब्रिज की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने अनवारूल हक को मृत घोषित कर दिया, जबकि फरीद की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुट्टी मिस्त्री था अनवारूल हक अनवारूल हक की बहन ने बताया कि उसका भाई पेशे से पुट्टी मिस्त्री था और पूरे परिवार का मुख्य सहारा था। शनिवार रात वह घर से दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिलने पर परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश जारी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कदमा थाना पुलिस के अनुसार, फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




