Hindi NewsJharkhand NewsJamshedpur NewsFake Products Scandal Unveiled in Jamshedpur Police Arrest Two
जुगसलाई में नकली ब्रांडेड उत्पादों का भंडाफोड़, दो हिरासत में

जुगसलाई में नकली ब्रांडेड उत्पादों का भंडाफोड़, दो हिरासत में

संक्षेप:

जमशेदपुर में एक प्रसिद्ध ब्रांड के नकली उत्पाद बनाने और बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी की आंतरिक जांच में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जुगसलाई क्षेत्र में छापेमारी की। वहां से नकली अंडरगारमेंट्स और होजरी आइटम बरामद किए गए। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

Dec 16, 2025 01:55 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share Share
Follow Us on

शहर में एक नामी ब्रांड के नकली उत्पाद बनाने और बाजार में खपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंपनी की ओर से कराए गए आंतरिक सर्वे के बाद इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर जुगसलाई थाना क्षेत्र में दबिश देकर नकली सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जाता है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने अपने स्तर से बाजार सर्वे कराया था। सर्वे के दौरान यह पाया गया कि जमशेदपुर में कंपनी के मूल उत्पादों की खपत से कहीं अधिक के सामान बाजार में बिक रहे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जब जांच की गई तो सामने आया कि शहर में ही नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जा रहे हैं। नकली उत्पादों में अंडरगारमेंट्स और होजरी आइटम थे। एक बॉक्स में करीब 10 पीस सामान पैक कर बाजार में भेजा जाता था। अलग-अलग जगहों पर इन नकली उत्पादों को तैयार कर बाद में जुगसलाई स्थित कार्यालय के माध्यम से वितरण किया जा रहा था। कंपनी के प्रतिनिधि दुखहरण पांडेय द्वारा जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने जुगसलाई स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद, पैकेजिंग सामग्री और बॉक्स बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से शिव अग्रवाल को हिरासत में लिया है, जो इस पूरे अवैध कारोबार का संचालक है। वहीं, सोनू पात्रो को उसका कर्मचारी बताया गया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली सामान कहां-कहां सप्लाई किया जा रहा था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में आवश्यक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस खुलासे के बाद शहर के व्यापारिक हलकों में भी हलचल मच गई है।