ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरएनजीडीआरएस से जुड़ा पूर्वी सिंहभूम, रजिस्ट्री शुरू

एनजीडीआरएस से जुड़ा पूर्वी सिंहभूम, रजिस्ट्री शुरू

पूर्वी सिंहभूम जिला नेशनल जेनरिक डॉक्यूमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम (एनजीडीआरएस) से जुड़ गया है। बुधवार को रजिस्ट्री ऑफिस में आयोजित एक सादे समारोह में झारखंड के निबंधन महानिरीक्षक ए मुत्थु कुमार ने इसका...

एनजीडीआरएस से जुड़ा पूर्वी सिंहभूम, रजिस्ट्री शुरू
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरThu, 25 Oct 2018 05:25 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्वी सिंहभूम जिला नेशनल जेनरिक डॉक्यूमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम (एनजीडीआरएस) से जुड़ गया है। बुधवार को रजिस्ट्री ऑफिस में आयोजित एक सादे समारोह में झारखंड के निबंधन महानिरीक्षक ए मुत्थु कुमार ने इसका उद्घाटन किया। इस नई तकनीकी व्यवस्था से जुड़ने वाला झारखंड देश का मात्र चौथा राज्य है।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि अगले दो साल में पूरा देश इस सिस्टम से जुड़ जाएगा। इससे आम नागरिकों को फायदा होगा। रजिस्ट्री में पारदर्शिता आएगी। प्रतिबंधित और सरकारी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकेगी। साफ्टवेयर में इसकी व्यवस्था की जा रही है। यही नहीं इससे समय भी बचेगा। इसके कारण अब अधिक रजिस्ट्री हो सकेगी। झारखंड की ऑनलाइन लगान रसीद काटने की व्यवस्था को देश में मॉडल माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह नई व्यवस्था है इसलिए समस्या आ सकती है। मगर समस्या आएगी तो समाधान भी होगा।

अब माफिया नहीं करवा पाएंगे गलत रजिस्ट्री : डीसी

इस मौके पर उपायुक्त (डीसी) अमित कुमार ने कहा कि अब भूमि माफिया सरकारी या प्रतिबंधित जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवा सकेंगे। व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी होगी।

कहा, हमें गर्व है कि पूर्वी सिंहभूम के एनजीडीआरएस से जुड़ने से झारखंड यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का चौथा राज्य बन गया। कहा, केन्द्र और राज्य दोनों सरकार का यह प्रयास है कि जहां तक हो सके तकनीक अधारित पारदर्शी व्यवस्था लागू हो।

सुरेन्द्र सिंह मीणा भी वीसी से जुड़े

केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव सुरेन्द्र सिंह मीणा भी कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेस से जुड़े थे। उन्होंने निबंधन महानिरीक्षक, उपनिबंधन महानिरीक्षक सहाब सिद्दिकी, सहायक निबंधन महानिरीक्षक अविनाश कुमार और जिला अवर निबंधक वैभव मणि त्रिपाठी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि जिस पुणे एनआइसी ने इस साफ्टवेयर का विकास किया है, वह जरूरत पड़ने पर आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार मिलेगा।

पहली रजिस्ट्री सीएनटी जमीन की

कार्यक्रम के दौरान ही पहली रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई। यह रजिस्ट्री जमशेदपुर अंचल के तुड़ियाबेड़ा पंचायत की रही। मरगा पड़ेया ने मुनी सोरेन को अपनी जमीन बेची है। सीएनटी एक्ट की जमीन होने के कारण इसके लिए विधिवत उपायुक्त से अनुमति ली गई थी।

नये बदलाव के तहत दस्तावेज को ऑनलाइन प्रस्तुत किया गया था। पेमेंट गेटवे से फीस जमा की गई और बुधवार को दोनों ने फोटो खिंचवाने और ऊंगलियों के निशान लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। उन्हें रजिस्ट्री के पश्चात निबंधन महानिरीक्षक ए मुत्थु कुमार ने कागजात सौंपे। उपायुक्त ने गुलदस्ता भेंटकर दोनों को बधाई दी।

कार्यक्रम को सहायक निबंधन महानिरीक्षक अविनाश कुमार ने भी संबोधित किया। जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर एडीएम विधि व्यवस्था सुबोध कुमार, डीआइओ मो. शहाबुद्दीन खान, अधिवक्ता और कर्मचारी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें