
घट गये फसल बीमा कराने वाले 45 हजार किसान
संक्षेप: पूर्वी सिंहभूम में खरीफ मौसम में फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या 45 हजार घट गई है। इस साल केवल 1,05,627 किसानों ने बीमा कराया, जबकि पिछले साल यह संख्या 1,51,683 थी। बीमा की अवधि बढ़ाने के बावजूद किसानों की संख्या में कमी आई है। अधिकारी इस गिरावट के कारणों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
पूर्वी सिंहभूम में वर्तमान खरीफ मौसम में फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या 45 हजार घट गई है। इस बार एक लाख पांच हजार 627 किसानों ने ही फसल बीमा कराया है। पिछले साल से इस संख्या की तुलना करें तो संख्या लगभग 45 हजार कम हो गई है। यह संख्या बढ़ने के बजाय घट गई है। यह स्थिति तब है, जब इसकी अवधि करीब एक माह बढ़ाई गई। पूर्व में बीमा कराने की अवधि 31 अगस्त ही तय हुई थी। हालांकि तब बीमित किसानों की संख्या बेहद कम लक्ष्य की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत रहने की वजह से अवधि विस्तार दिया गया।

जिला सहकारिता कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार चालू खरीफ मौसम में 1,05,627 किसानों ने अपनी 50,174.59 एकड़ जमीन पर लगी फसलों का बीमा कराया है। प्रधानमंत्री बिरसा फसल बीमा योजना के तहत हर किसान को मात्र एक रुपया ही इसके लिए खर्च करना पड़ा है। जबकि फसल को नुकसान होने की स्थिति में किसान को प्रति एकड़ हजारों रुपये मिलेंगे। अगर पिछले साल 2024 से इस आंकड़े की तुलना करें तो तब एक लाख 51 हजार 683 किसानों ने बीमा कराया था। उनकी 57,558.61 एकड़ जमीन पर लगी फसलों का बीमा हुआ था। परंतु इस बार तो किसानों की संख्या और उनका रकबा दोनों घट गया है। हालांकि घटने की वजह के संबंध में पूछने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौन हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




