पीएनजी कनेक्शन की मांग बढ़ी, रोज आ रहे ढाई गुना आवेदन

Apr 06, 2026 02:10 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

शहर में एलपीजी गैस की कमी के कारण पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की मांग ढाई गुना बढ़ गई है। घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी का शुल्क 46 रुपये प्रति यूनिट है। मानगो में साल के अंत तक पीएनजी की सुविधा मिलने की उम्मीद है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी यह उपलब्ध नहीं है।

पीएनजी कनेक्शन की मांग बढ़ी, रोज आ रहे ढाई गुना आवेदन

शहर में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की मांग ढाई गुना तक बढ़ गई। पहले रोज 15 से 20 आवेदन आते थे, अब यह संख्या बढ़कर 50 से अधिक हो गई है। इससे साफ है कि लोग वैकल्पिक और नियमित गैस आपूर्ति के तौर पर पीएनजी की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी का शुल्क 46 रुपये प्रति यूनिट (एससीएम) निर्धारित है, जबकि व्यावसायिक उपयोग के लिए यह दर 63 रुपये प्रति यूनिट है। एलपीजी की अनियमित आपूर्ति और बुकिंग के बाद लंबा इंतजार झेल रहे उपभोक्ता पीएनजी को सुविधाजनक विकल्प मान रहे हैं।

सोनारी, कदमा, बिष्टूपुर और टेल्को जैसे प्रमुख इलाकों में पहले से ही करीब 10 हजार उपभोक्ता पीएनजी सेवा का लाभ उठा रहे हैं। इन क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन का नेटवर्क विकसित होने के कारण नए कनेक्शन लेने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पीएनजी की बड़ी खासियत इसकी निरंतर आपूर्ति है, जिसमें सिलेंडर बुकिंग या डिलीवरी का झंझट नहीं होता। साथ ही यह अपेक्षाकृत सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल भी माना जाता है। गेल इंडिया के जीएम गौरी शंकर मिश्रा ने कहा कि आवेदन की बढ़ती संख्या को देखते हुए कनेक्शन प्रक्रिया में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।मानगो में साल के अंत तक पीएनजीमानगो में साल के अंत तक पीएनजी मिलने के आसार हैं। मानगो में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। हालांकि इन कनेक्शन को मुख्य कनेक्शन से जोड़ने का काम जारी है। मानगो चौक के पास तेजी से अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। यह पाइपलाइन स्वर्णरेखा नदी के नीचे से होकर गुजरेगी। इसके पूरा होते ही मानगो में भी पीएनजी की सुविधा मिलने लगेगी।इन जगहों पर सुविधा नहींसीतारामडेरा, सिदगोड़ा, परसूडीह, जुगसलाई जैसे इलाकों में अभी पीएनजी की सुविधा नहीं है। जुगसलाई को छोड़कर सभी जगहों पर पाइप बिछाने का काम चल रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।