Jamshedpur News: महिला कांग्रेस ने नशे के खिलाफ एसपी को सौंपा ज्ञापन
Jamshedpur News: जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर महिला कांग्रेस ने एसएसपी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने नशीले पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई, पुलिस गश्त बढ़ाने और नशा मुक्ति अभियान चलाने की अपील की है।
Jamshedpur News: जमशेदपुर में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस ने एसएसपी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में संगठन की ओर से एक ज्ञापन सौंपकर शहर में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई गई।
महिला कांग्रेस की मांगें
इस मौके पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिंह ने कहा कि शहर में युवाओं के बीच नशे की लत एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही है। नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता के कारण कई युवा अपने भविष्य को अंधकारमय बना रहे हैं, वहीं इससे परिवार भी प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री से अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि होने की आशंका बनी रहती है।
सख्त कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता
आवेदन में मांग की गई है कि अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही इस कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिला कांग्रेस ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने, स्कूलों एवं कॉलेजों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए व्यापक नशा मुक्ति अभियान संचालित करने की भी मांग की है। संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि इस जनहित के गंभीर मुद्दे पर त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि जमशेदपुर के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके और शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


