Jamshedpur News: घर में विवाद के बाद डिलीवरी ब्वॉय ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिरसानगर में एक डिलीवरी ब्वॉय ने घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। मृतक आकाश कुमार लाल की उम्र 27 वर्ष थी। विवाद के बाद उसने फांसी लगाई। परिजनों के मुताबिक, वह नशे का आदी था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Jamshedpur News: जमशेदपुर, संवाददाता। बिरसानगर में पीएम आवास के पास बुधवार देर रात एक डिलीवरी ब्वॉय ने नशे की हालत में घरेलू विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से परसूडीह का रहने वाला था और बारीडीह क्षेत्र में काम करता था। करीब एक महीने पहले ही वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर में किराये के मकान में रहने आया था।पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात किसी बात को लेकर आकाश और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आकाश दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब पत्नी उस कमरे में पहुंची तो उसने आकाश को फंदे से लटका हुआ पाया। फंदे पर लटके पति को देख पत्नी के होश उड़ गए। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह उसे फंदे से नीचे उतारा गया और आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आकाश नशे का आदी था।


