साकची के होटल में ठहरे रांची के कारोबारी की मौत
साकची स्थित होटल देवदूत में ठहरे रांची के एक कारोबारी अश्विनी जायसवाल (27) की मौत हो गई। उनकी मौत की पुष्टि टीएमएच के डॉक्टरों ने तब की, जब होटल से...

साकची स्थित होटल देवदूत में ठहरे रांची के एक कारोबारी अश्विनी जायसवाल (27) की मौत हो गई। उनकी मौत की पुष्टि टीएमएच के डॉक्टरों ने तब की, जब होटल से टीएमएच ले जाया गया था। उनके साथ एक युवती भी थी। अश्विनी जायसवाल रांची के लालपुर, हजारीबाग रोड देवी मंदिर के बगल के रहनेवाले थे।
पुलिस के अनुसार, होटल के कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह 9.30 बजे जब होटल के कमरे से निकलकर युवती चिल्लाने लगी, तब होटल के कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली। उसके बाद अश्विनी को टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
युवती ने मचाया शोर
जमीन कारोबारी अश्विनी जायसवाल (27) के साथ जो युवती थी, वह सरायकेला-खरसावां जिले के बड़ा गम्हरिया साईंनगर की रहनेवाली है। युवती ने बताया कि उसने अश्विनी से दो माह पहले ही शादी की थी। उसने बताया कि अचानक उनकी तबीयत खराब हुई उसके बाद उसने कर्मचारियों को बताया।
22 मार्च से होटल में ठहरे थे
पुलिस के अनुसार, अश्विनी जमीन कारोबारी थे और 22 मार्च से होटल में ठहरे हुए थे। वे जमीन कारोबार के काम से शहर आए थे। इसके पहले भी वे आना-जाना करते थे। गुरुवार सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हुई, जिससे बेड पर गिर गए। इस दौरान युवती शोर मचाते हुए होटल के रिसेप्शन पर पहुंची और प्रबंधन को जानकारी दी। जानकारी पाकर होटल प्रबंधन द्वारा एंबुलेंस बुलाकर अश्विनी को तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सांस लेने में दिक्कत के बाद पहुंचाया अस्पताल
इधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता संजय जायसवाल ने बताया कि बेटे की मौत बीमारी के कारण हुई है। उसे शुगर और हाई ब्लड प्रेशर के अलावा कई बीमारियां थीं। अचानक तबीयत खराब होने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने अपने पंचनामा में बताया कि होटल में सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां मौत हो गई। इस मामले में साकची थाने में पिता के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया है।
अंतिम संस्कार में हुआ विलंब
रामनवमी का अवकाश होने के कारण पोस्टमार्टम में परेशानी हुई। पिता संजय महतो ने बताया कि उनलोगों ने दोपहर एक बजे का समय सभी को अंतिम संस्कार के लिए दे दिया था। लेकिन रामनवमी के चलते पोस्टमार्टम हाउस बंद था, लिहाजा समय पर अंतिम संस्कार नहीं हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।