साकची में दिनदहाड़े शिक्षिका से पर्स छिनतई
साकची थाना क्षेत्र में रविवार को शीतला मंदिर के पास एक शिक्षिका से दिनदहाड़े छिनतई की घटना हुई। बाइक पर सवार दो उचक्कों ने उनका पर्स छीन लिया, जिसमें 20 हजार रुपये और अन्य जरूरी कागजात थे। पीड़िता ने थाने में मामला दर्ज कराया है और पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है।

साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतला मंदिर के पास रविवार को दिनदहाड़े छिनतई की घटना सामने आई। टेंपो में सवार एक शिक्षिका से बाइक सवार दो उचक्कों ने पर्स छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की पहचान हेमलता ठाकुर के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि वह साकची बाजार में शादी की खरीदारी के लिए आई थी और सवारी टेंपो में बैठकर जा रही थी। इसी दौरान शीतला मंदिर के पास एक बाइक पर सवार दो युवक टेंपो के पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके हाथ से पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात थे।
घटना के बाद शिक्षिका ने शोर मचाया, लेकिन तबतक आरोपी फरार हो चुके थे। आसपास मौजूद लोगों ने पीछा करने की कोशिश की, पर सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीड़िता ने साकची थाना पहुंचकर अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


