
जुगसलाई चोरीकांड : तीन संदिग्ध हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज से मिल रहे सुराग
जमशेदपुर के बैकुंठ अपार्टमेंट में हुई दिनदहाड़े चोरी में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। चोरी का सामान 18 से 20 लाख रुपये मूल्य का है। CCTV फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखे हैं। पुलिस फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना के बाद अपार्टमेंट में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
जमशेदपुर।जुगसलाई थाना क्षेत्र के डिकोस्टा रोड स्थित बैकुंठ अपार्टमेंट में गुरुवार को हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिल गए हैं। करीब 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के गहनों की चोरी मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवक घटना के समय अपार्टमेंट के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते दिखाई दे रहे हैं, जिनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। वहीं फोरेंसिक टीम द्वारा घर के भीतर से मिले फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का भी परीक्षण कराया जा रहा है, जिससे चोरों तक पहुँचने में मदद मिल सके।घटना

के दिन प्रवीण गोयल परिवार सहित कार्यवश बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला काटकर फ्लैट में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी परिजनों के घर लौटने के बाद ही हुई। अंदर का सामान बिखरा और अलमारी खाली मिलने के बाद घरवालों ने तुरंत इसकी सूचना जुगसलाई पुलिस को दी। परिजनों का कहना है कि नकदी भी चोरी की गई है। अभी वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसकी सूची तैयार कर पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में दहशत फैल गई है। निवासियों का आरोप है कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। बिना रोक-टोक बाहरी लोगों का अपार्टमेंट में घुसना आम बात हो गई है। वहीं, गार्डों की चौकसी पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब इस घटना के बाद सभी निवासियों ने अपार्टमेंट परिसर में सुरक्षा सिस्टम मजबूत करने की मांग फिर से उठाई है।जुगसलाई थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है। साथ ही अपार्टमेंट और आसपास के अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही अपराधियों तक पहुंच बनाई जाएगी और चोरी में शामिल पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा। चोरी से आहत प्रवीण गोयल का परिवार अभी भी सदमे में है और गहनों की बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




