दाऊद इब्राहिम के गुर्गे अब्दुल माजिद कुट्टी को पनाह देने वाले टेल्को बारीनगर के मो. इनाम अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। उसके मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस को उसके वर्तमान पासपोर्ट की तलाश है। उससे ही पता चलेगा कि इनाम कितनी बार मलेशिया गया था।
पूछताछ में इनाम ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 1999 में मुम्बई के रास्ते फर्जी पासपोर्ट पर भारत लौटा था। उसका पासपोर्ट भी कुट्टी ने बनवाया था। उसने बताया कि दुबई में उसका पासपोर्ट छिन जाने के बाद वह कुट्टी के ही साथ रहा। उसके दोस्तों से उसकी मुलाकात होती थी। लेकिन वह उनलोगों को नहीं पहचानता था। उनलोगों ने ही उसका फर्जी पासपोर्ट बनाया। उस पासपोर्ट के जरिए वह मुम्बई में पहुंचा था। उसने बताया कि वह कुट्टी को अच्छी तरह जानता था कि वह दाऊद गिरोह से संबंध रखता है। उसने डर से पुलिस से पहले यह बात छिपाई थी।
इधर, पुलिस देर रात तक उससे पूछताछ करती रही। पुलिस को कुट्टी के स्थानीय नेटवर्क के बारे में भी कई जानकारी मिली है। उसने उन युवकों का नाम बताया है जो कुट्टी से मिला करते थे। एसएसपी तामिल वाणन ने बताया कि इनाम की संलिप्तता पायी गयी है। कुट्टी को जमशेदपुर लाने में उसका हाथ है और उसने मिलकर ही फर्जी तरीके से उसका पासपोर्ट बनाया था। उसने कई बातों को पहले पुलिस से छिपाया है। इसके आधार पर ही पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। इसके लिए एक टीम का गठन किया गया है। टीम की रिपोर्ट आते ही उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।