
टेबल टेनिस कोच अपूर्व साइबर ठगी के शिकार, खाते से एक लाख उड़ाए
शहर के टेबल टेनिस कोच अपूर्व ने एटीएम में साइबर ठगी का शिकार होकर 1 लाख रुपये खो दिए। ठगों ने उन्हें फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके जानकारी हासिल की। अपूर्व ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जो अब मामले की जांच कर रही है। लोगों से एटीएम पर चिपकाए गए नंबर पर कॉल न करने की अपील की गई है।
शहर के टेबल टेनिस कोच अपूर्व शनिवार को साइबर ठगी का शिकार हो गए। घटना एग्रिको स्थित एक एटीएम में हुई, जहां उनका कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान ठगों ने चालाकी से उनके खाते से 1 लाख रुपये निकाल लिए। जानकारी के मुताबिक, अपूर्व शनिवार को पैसे निकालने एटीएम पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने मशीन में एटीएम कार्ड डाला, मशीन ने वापस नहीं किया। परेशान होकर उन्होंने एटीएम के भीतर ही चिपकाए गए कथित हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कार्ड की समस्या ठीक कराने का आश्वासन दिया और बातचीत के दौरान अपूर्व से कई गोपनीय जानकारियां हासिल कर लीं।
कुछ ही देर बाद उनके खाते से 1 लाख की निकासी का संदेश आया, जिसके बाद उन्हें समझ में आया कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। अपूर्व ने तुरंत साइबर सेल और स्थानीय थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि ठगों ने एटीएम पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर चिपकाकर लोगों को जाल में फंसाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने लोगों से अपील की कि एटीएम में चिपकाए गए किसी भी नंबर पर कॉल न करें और किसी समस्या की स्थिति में सीधे बैंक शाखा से संपर्क करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




