
तुरियाबेड़ा में पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार, हत्या की रच रहा था साजिश
राहुल महतो को एमजीएम पुलिस ने रविवार रात गिरफ्तार किया, जब वह एक हत्या की योजना बना रहा था। पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर एक अवैध पिस्तौल बरामद की। राहुल ने स्वीकार किया कि उसने करमा उर्फ कर्मदेव शर्मा की हत्या की योजना बनाई थी। उसके खिलाफ पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही राहुल महतो रविवार रात एमजीएम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस टीम ने हाइवे स्थित तुरियाबेड़ा में उसके घर पर छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। वहीं, एक अवैध पिस्तौल भी बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी। पुलिस के अनुसार, राहुल महतो के खिलाफ पहले से ही एमजीएम थाना क्षेत्र में चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में राहुल ने स्वीकार किया कि उलीडीह निवासी करमा उर्फ कर्मदेव शर्मा की हत्या की योजना के लिए उसने बिहार से पिस्तौल खरीदा था, लेकिन पुलिस ने पहले ही उसे पकड़ लिया। डीएसपी बचनदेव कुजूर ने बताया कि राहुल का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है और वह पहले भी चोरी के मामले में पकड़ा गया था। हाइवे क्षेत्र में वह अपने साथियों आशोक सिंह, आलोक सिंह और तापस जेना के साथ कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। मुंबई में हुआ था करमा से विवाद राहुल ने पुलिस को बताया कि वह पहले खंडाला के एक होटल में बार अटेंडर था। उसने उलीडीह के करमा उर्फ कर्मदेव शर्मा को भी वहीं नौकरी दिलाई थी, लेकिन करमा ने होटल प्रबंधन को गुमराह कर उसे नौकरी से निकलवा दिया। इसी घटना के बाद मुंबई में दोनों के बीच विवाद हुआ और राहुल ने करमा को हत्या की धमकी दी थी। उसने मानगो शंकोसाई निवासी एक पुराने साथी की मदद से पिस्तौल खरीदी और घर में रखी थी, ताकि करमा की हत्या कर सके। हालांकि, पुलिस की गिरफ्त में आने से उसकी साजिश विफल हो गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




