सीपीआई ने साकची कार्यालय में मनाई स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती मनाई। कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष को याद किया और किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर चिंता जताई और किसानों की मांगों को महत्व देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने आज साकची स्थित पार्टी कार्यालय में महान किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ऑल इंडिया किसान सभा के संस्थापक रहे स्वामी सहजानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपना पूरा जीवन किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज देश की परिस्थितियां चिंताजनक हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां पूंजीपतियों के पक्ष में दिखाई देती हैं, जबकि देश के अन्नदाता किसान आर्थिक तंगी और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने पिछले वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर हुए किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों ने अपने हक की लड़ाई के लिए लंबा संघर्ष किया, जिसमें सैकड़ों किसानों ने अपनी जान गंवाई। इसके बावजूद किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के बजाय बड़े उद्योगपतियों और धनाढ्य वर्ग के हितों को प्राथमिकता दे रही है। जिला सचिव ने कहा कि एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और सीपीआई किसानों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने किसान एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


