प्रेमी युगल की शादी के विवाद में दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
परसूडीह के सरजामदा में प्रेमी युगल की शादी के मामले में ग्रामसभा के फरमान के बाद विवाद उत्पन्न हुआ। युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया। युवक के पिता ने भी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

परसूडीह के सरजामदा में प्रेमी युगल की शादी को लेकर ग्रामसभा की ओर से सुनाए गए फरमान के बाद विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। युवती की ओर से युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, दूसरी ओर युवक के पिता ने भी परसूडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चार नामजद समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और परिवार के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर सरजामदा में आयोजित ग्रामसभा में प्रेमी युगल को लेकर शादी कराने का निर्णय सुनाया गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामा हो गया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों ने घेर लिया था। मंगलवार को पुलिस ने युवती की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां दंडाधिकारी के समक्ष उसका बयान दर्ज किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


