टाटानगर रेलवे यार्ड में चीता के घूमने से दहशत, तलाश में जुटे कर्मचारी, अलर्ट
टाटानगर रेलवे यार्ड में मंगलवार रात चीता के घूमने से दहशत मच गई। आरपीएफ ने अलर्ट जारी कर दिया और चीता की खोज में जुट गई। रेलवे और वन विभाग की टीमें सक्रिय हैं। जंगली जानवरों के शहर में प्रवेश की घटनाएं बढ़ रही हैं।

टाटानगर रेलवे यार्ड मे मंगलवार रात चीता के घूमने से दहशत मच गई। आरपीएफ के शिफ्ट अधिकारी ने इसे देखा और इसकी जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया। आरपीएफ की टीम में चीता को तलाशने में लगी है। रेलवे के अनुरोध पर वन विभाग टीम पहुंची। चीता के यार्ड में घूमने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, रात आठ बजे रेलवे के यार्ड में चीता के घूमने की खबर फैलते ही शिफ्ट रेल कर्मचारियों, आरपीएफ जवानों और आसपास की बस्तियों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ के शिफ्ट अधिकारी से इसकी जानकारी मिलने पर रेलवे के अधिकारी भी हरकत में आ गये। आरपीएफ के जवान चीता की तलाश में जुट गये। रेलवे यार्ड, केबिन, वाशिंग लाइन, कोचिंग डिपो, मालगोदाम और खाली कोच में अभियान चलाया गया, हालांकि चीता या इस तरह की जानवर का कहीं कोई पता नहीं चला। चीता के रेल लाइन पर घूमने का वीडियो टाटानगर समेत चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गई। मालूम हो कि, टाटानगर रेलवे यार्ड दक्षिण पूर्व रेलवे जोन का सबसे व्यस्ततम यार्ड है। यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों का लगातार परिचालन होने के कारण कर्मचारी भी 24 घंटे लाइन पर रहते हैं। चीता के बारे में कोई सुराग नहीं मिलने से कर्मचारी सहमे हुए हैं। आरपीएफ ने जवानों को रातभर पूरी तरह से सतर्क होकर लाइन पर जांच करने का निर्देश दिया है। रेल कर्मचारियों को भी लाइन सिग्नल यार्ड या कोचिंग डिपो में कार्य के लिए रात में अकेले नहीं जाने का सुझाव दिया गया है。
रिहायशी इलाकों में भी सतर्कता के निर्देश, ठेले वाले ने भी देखा
आरपीएफ ने जवानों ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से सटे लोको कॉलोनी, गोलपहाड़ी, मकदमपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। यहां पूरी तरह सावधानी बरतने को कहा गया है। परसूडीह के मकदमपुर में एक ठेले वाले ने चीता को देखा, जिसके बाद वह जान बचाकर वहां से भागा
वन विभाग की टीम पहुंची
रेलवे की सूचना पर वन विभाग की टीम वन कर्मी मनोज मंडल की अगुवाई में टाटानगर स्टेशन पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सर्च अभियान में पूरी तरह मदद की जायेगी। लोगों को भी सतर्क किया जाएगा।
जंगली जानवर के शहर में प्रवेश करने की बढ़ रही घटना
जमशेदपुर और आसपास के शहरी, ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्र में जंगली जानवर घूमने की कई घटनाएं हो चुकी है। आरपीएफ का मानना है कि रेलवे यार्ड में दिखने वाला चीता या अन्य जंगली जानवर ओड़िशा की ओर से टाटानगर में आया है। जानकार बताते हैं कि दलमा, चांडिल, सरायकेला, घाटशिला एवं अन्य क्षेत्र की जंगलों से हिंसक जानवर शहर की ओर आते हैं।
-----
टाटानगर रेलवे यार्ड की लाइन पर चीता जैसा जंगली जानवर दिखने की सूचना मिली। इस सूचना पर सतर्कता बरतने के साथ वन विभाग की टीम के साथ सर्च अभियान शुरू किया गया है
राकेश मोहन, आरपीएफ इंस्पेक्टर टाटानगर
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


