सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा मंगलवार से
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। जमशेदपुर में 15,000 से अधिक छात्र परीक्षा के लिए तैयार हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता के इंतजाम किए गए हैं। छात्रों को समय पर पहुंचने और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स न लाने की सलाह दी गई है।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की सत्र 2025-26 की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इस बोर्ड परीक्षा को लेकर जमशेदपुर में विद्यार्थियों में उत्साह और तनाव, दोनों का मिला-जुला माहौल दिखा। इस वर्ष जमशेदपुर के विभिन्न विद्यालयों से 15 हजार से भी अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।रीक्षा की पूर्व संध्या पर अधिकांश छात्र अपने प्रवेश पत्र और आवश्यक स्टेशनरी को अंतिम रूप देते नजर आए।
शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों को शांत रहने और अंतिम समय में अत्यधिक तनाव न लेने की सलाह दी है। सीबीएसई ने इस बार भी परीक्षा केंद्रों पर कड़े दिशा-निर्देश लागू किए हैं, जिसके तहत छात्रों को निर्धारित समय से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन और डिजिटल घड़ियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। केवल पारदर्शी पेन और पेंसिल बॉक्स ले जाने की अनुमति दी गई है।जमशेदपुर के प्रमुख स्कूलों जैसे डीएवी पब्लिक स्कूल और चिन्मया विद्यालय समेत अन्य संस्थानों के प्रधानाचार्यों ने छात्रों को शुभकामना देते हुए सकारात्मक रहने को कहा है। केंद्रों पर शिक्षकों और पर्यवेक्षकों की विशेष टीम तैनात की गई है जो परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी। छात्रों को यातायात व्यवस्था का ध्यान रखते हुए सुबह समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने को कहा गया है। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से 1.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। मंगलवार 10 वीं के होने वाला पहला पेपर गणित का होगा। इसी तरह 12 वीं में बायोटेक्नोलॉजी, इंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा में सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


