घाटशिला उपचुनाव: मतदान कर्मियों व सुरक्षा बलों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा
संक्षेप: जमशेदपुर में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के दौरान मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को आकस्मिक बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी की...

जमशेदपुर। घाटशिला (अजजा) विधानसभा उपचुनाव–2025 के दौरान निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को आकस्मिक बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सरकारी और निजी अस्पतालों के प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित हुई।बैठक में रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में शामिल हर कर्मी की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।
किसी भी आकस्मिक स्थिति में बिना देरी के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में चिकित्सक दल, आवश्यक दवाइयां और उपकरण उपलब्ध रहें।निर्देश दिया गया कि सभी अस्पताल चुनाव अवधि में 24×7 आपातकालीन सेवा के लिए अलर्ट मोड पर रहें और जिला नियंत्रण कक्ष व स्वास्थ्य विभाग से सीधा समन्वय बनाए रखें। कैशलेस उपचार के बाद संबंधित बिल या दस्तावेज जिला प्रशासन को भेजे जाएंगे, ताकि विभागीय प्रक्रिया के तहत भुगतान किया जा सके।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इस व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अस्पताल या अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




