
बिहार स्पंज आयरन कंपनी के एमडी के खिलाफ दर्ज होगा केस
बिहार स्पंज आयरन कंपनी (वनराज स्टील द्वारा संचालित) के प्रबंध निदेशक सह दखलदार के खिलाफ केस होगा। कोल्हान के उपमुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष सिन्हा ने...
बिहार स्पंज आयरन कंपनी (वनराज स्टील द्वारा संचालित) के प्रबंध निदेशक सह दखलदार के खिलाफ केस होगा। कोल्हान के उपमुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष सिन्हा ने अभियोजन दाखिल करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अदालत में केस दर्ज कराया जाएगा। चांडिल प्रखंड में संचालित बिहार स्पंज कंपनी में सात अप्रैल को दुर्घटना हुई थी, जिसमें सात कर्मचारी झुलस गए थे। टीएमएच में इलाज के दौरान सुरेश सिंह सरदार (23) व देवशरण सरदार (34) की मौत हो गई थी। इस मामले में उपमुख्य कारखाना निरीक्षक ने जांच की थी और घायलों के बयान लिए थे। उसके आधार पर सुरक्षा मानकों की अवहेलना पाई गई। इस वजह से कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जांच रिपोर्ट भेजकर कारखाना अधिनियम की धारा 92 व 96 (ए) के तहत मुकदमा चलाने की स्वीकृति मांगी गई है।
कीलन की सफाई के दौरान हुआ था हादसा
स्पंज कंपनियों में डस्ट सेटलिंग चैंबर होता है, जिसका तापमान 1200 डिग्री सेल्सियस होता है। धूल की परत ठंडी होकर डस्ट चैंबर की सतह पर जमती रहती है। नियमित सफाई नहीं होने पर कीलन से डस्ट सेटलिंग चैंबर का रास्ता ब्लाक हो सकता है। ऐसे में सभी कंपनियां 30 से 45 दिनों में स्लैग की जमी हुई परत की सफाई कराती हैं। बिहार स्पंज में एकरेशन कटिंग के लिए दो अप्रैल को शटडाउन लिया गया था और पांच अप्रैल से ठेकेदार लखन मार्डी के सात कर्मचारी कीलन संख्या-3 के अंदर जाकर काम कर रहे थे। सात अप्रैल को छेनी व हथौड़ा से काम करते समय बेहद गर्म डस्ट उनके ऊपर गिरा जिसकी चपेट में आकर सात कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




