पलाशबनी के मुखिया पति पर विवाद के पति पर तान दी पिस्तौल
संक्षेप: एमजीएम थाना अंतर्गत भिलाई पहाड़ी के पास एनएच-33 पर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार सवार युवक ने पलासबनी के मुखिया पति सुफल सिंह पर पिस्तौल तान दी।

एमजीएम थाना अंतर्गत भिलाई पहाड़ी के पास एनएच-33 पर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार सवार युवक ने पलाशबनी के मुखिया पति सुफल सिंह पर पिस्तौल तान दी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए युवक को दबोचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर एमजीएम थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक और उसके साथी को थाना ले गई। पकड़े गए युवक का नाम राजा सिंह है और वह डिमना रोड का रहने वाला है। वहीं, राजा के साथी राहुल कुमार सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना के संबंध में सुफल सिंह ने बताया कि वह अपने साथी अनील सिंह और महेश गोराई के साथ बोलेरो में जा रहे थे।
भिलाई पहाड़ी के पास बोलेरो को मोड़ने के लिए क्रॉसिंग पर रुके थे। इतने में पीछे से काले रंग की कार आई और जोर-जोर से हॉर्न बजाने लगी। सड़क पर अन्य वाहनों की आवाजाही के कारण वे लोग बोलेरो को आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। इसके बाद कार चालक और सुफल सिंह के बीच बहस शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर कार चालक वापस अपनी कार में गया और पिस्तौल निकाल ली। उसने पिस्तौल तान दी और गोली मारने की धमकी देने लगा। हालांकि, हाट वाले दिन होने के कारण गांव के कई लोग लौट रहे थे। पिस्तौल देखकर सभी ने मिलकर युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि राजा सिंह का देवघर गांव में गैरेज है। वह अपने साथी राहुल के साथ घर की ओर लौट रहा था। घटना शाम 4 बजे घटी। राजा के पास से मिली पिस्तौल अवैध है। फिलहाल, पुलिस राजा से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने यह पिस्तौल कहां से खरीदी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




