Jamshedpur News: नर्सिंग होम गया था परिवार, क्वार्टर में घुसकर चोरों ने दो लाख के सामान उड़ाए
Jamshedpur News: कदमा की न्यू टीसी कॉलोनी में तीन सितंबर को चोरों ने क्वार्टर का ताला तोड़कर करीब दो लाख के सामान की चोरी की। परिवार इलाज के लिए बाहर था जब ये घटना हुई। घर में सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध की पहचान की जा रही है। घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Jamshedpur News: कदमा की न्यू टीसी कॉलोनी में चोरों ने एक क्वार्टर का ताला तोड़कर करीब दो लाख के सामान की चोरी कर ली। घटना तीन सितंबर की शाम की है। परिवार के लोग इलाज के सिलसिले में बिष्टूपुर स्थित स्टील सिटी नर्सिंग होम गए थे। इस दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। पुलिस ने मंगलवार रात प्राथमिकी दर्ज की। जानकारी के अनुसार, न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर-3 निवासी मौवा सिन्हा बाबू परिवार के साथ शाम करीब पांच बजे घर से निकली थीं। रात करीब 8.15 बजे लौटने पर मुख्य ग्रिल और दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त था।
जांच करने पर घर से कई कीमती सामान गायब मिले। परिवार ने तत्काल घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति शाम करीब 5.10 बजे क्वार्टर के पास पहुंचता और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता दिखा। इसके बाद वह सामान लेकर निकल गया। शिकायत के अनुसार, चोर घर से वाटर मीटर, पीतल के सामान, कांसे के बर्तन और करीब 400 ग्राम वजन के पांच चांदी के सिक्के ले गए। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये तक बताई है। घटना की सूचना के बाद कदमा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।


