ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरअमरनाथ के घर से बिक रहा था ब्राउन शुगर, दो गिरफ्तार

अमरनाथ के घर से बिक रहा था ब्राउन शुगर, दो गिरफ्तार

तड़ीपार बदमाश अमरनाथ सिंह के मानगो शांतिनगर नाला के किनारे स्थित अवैध मकान से ब्राउन शुगर और गांजा बिकता था। शनिवार रात पुलिस ने छापेमारी कर उसी मकान से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर और 380 ग्राम गांजा...

अमरनाथ के घर से बिक रहा था ब्राउन शुगर, दो गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरSun, 22 Sep 2019 04:46 PM
ऐप पर पढ़ें

तड़ीपार बदमाश अमरनाथ सिंह के मानगो शांतिनगर नाला के किनारे स्थित अवैध मकान से ब्राउन शुगर और गांजा बिकता था। शनिवार रात पुलिस ने छापेमारी कर उसी मकान से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर और 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। उस मकान से नशे का कारोबार अमित सिंह उर्फ बड़ा मुंडी और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय बच्चा कर रहे थे। दोनों को गिरफ्तार कर इनके पास से एक पिस्तौल और गोली बरामद की गयी है। इन्होंने पूछताछ में अमरनाथ गिरोह के शूटर प्रदीप सिंह का पता बताया, जिसके बाद गोविंदपुर में छापेमारी कर 7.65 बोर की पिस्तौल के साथ प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी शनिवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में एसएसपी अनूप बिरथरे ने दी। मौके पर सिटी एसपी सुभाष चन्द्र जाट भी मौजूद थे।

एसएसपी ने बताया कि बैकुंठनगर में अमरनाथ गिरोह के सदस्यों द्वारा की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। इस टीम ने शुक्रवार शाम से ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गयी। छापेमारी में कई लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों से ही अमरनाथ के मकान में चलने वाले इस अवैध कारोबार का पता चला। इसके बाद दबिश देकर इस गैरकानूनी धंधे का खुलासा किया गया। एसएसपी के अनुसार गांजा और ब्राउन शुगर ओडिशा से लाकर यहां बेचते थे। इसके वजन के लिए इनके पास तराजू और उसे पैक करने के अन्य सामान थे।

उन्होंने बताया कि प्रदीप सिंह की गिरफ्तारी भी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। पिछले कई दिनों से पुलिस को उसकी तलाश थी। उस पर फायरिंग, हत्या के प्रयास के पांच मामले दर्ज हैं। इस पूरे खुलासे में लगी पुलिस की टीम को पुरस्कृत करने की डीआईजी से उन्होंने अनुशंसा की गई है।

बरामद सामान : 7.65 का देसी पिस्तौल, गोली 2, देसी कट्टा, ब्राउन शूगर 24 पुड़िया, 385 ग्राम गांजा, गांजा काटने की करनी, गांजा तौलने का इलेक्ट्रोनिक तराजू, एक भुजाली, नगद 1495 रुपये और एक मोबाइल फोन।

पुलिस टीम में थे : एएसपी कुमार गौरव, डीएसपी पवन कुमार, विजय कुमार महतो, मानगो थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा, एमजीएम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, आजादनगर प्रभारी थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार राजवंशी, गोविंदपुर थाना प्रभारी अशोक पासवान, उलीडीह थाना प्रभारी चन्द्रशेखर कुमार, एएसआई गोविंदपुर ललन दास, उलीडीह एएसआई राम लखन प्रसाद।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें