बिजली समस्याओं को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
बिरसानगर में भाजपा बिरसानगर मंडल ने बिजली विभाग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने बिजली की समस्या उठाई। प्रदर्शनकारियों ने बिना सूचना के बिजली कटौती और जर्जर ढांचे के कारण बढ़ते खतरों के बारे में चेतावनी दी। बापन बनर्जी ने एक सप्ताह में समाधान का अल्टीमेटम दिया।

बिरसानगर में बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा बिरसानगर मंडल ने शुक्रवार को बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिरसानगर में बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित की जाती है। कई इलाकों में नंगे तारों के सहारे बिजली दी जा रही है, जबकि जर्जर बिजली खंभे और ट्रांसफार्मर की समस्याएं भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन स्थितियों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन विभाग समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने विभाग को एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनता व्यापक आंदोलन एवं प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।


